Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
Tuesday, 4 March 2025
webdunia

मुंबई डॉकयार्ड में INS रणवीर में विस्फोट, नौसेना के 3 कर्मियों की मौत, 11 घायल

Advertiesment
हमें फॉलो करें मुंबई डॉकयार्ड में INS रणवीर में विस्फोट, नौसेना के 3 कर्मियों की मौत, 11 घायल
, बुधवार, 19 जनवरी 2022 (00:30 IST)
नई दिल्ली। मुंबई में नौसैन्य डॉकयार्ड में भारतीय नौसेना के जहाज (INS) रणवीर में मंगलवार को हुए एक विस्फोट में नौसेना के 3 कर्मियों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शाम साढ़े चार बजे हुई।
 
भारतीय नौसेना ने बयान में कहा कि मुंबई नौसैन्य डॉकयार्ड में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में, आईएनएस रणवीर के एक आंतरिक कक्ष में विस्फोट के कारण नौसेना के तीन कर्मियों की मौत हो गई। इसमें कहा गया कि जहाज के चालक दल ने तुरंत प्रतिक्रिया की और जल्दी ही स्थिति को नियंत्रण में कर लिया।
 
इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा कि घटना में तीन नाविकों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। हताहत कर्मियों के नाम घटना के बारे में परिवारों को सूचित करने के बाद सार्वजनिक किए जाएंगे। नौसेना के बयान के अनुसार हादसे में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
 
बयान में कहा गया है कि आईएनएस रणवीर नवंबर 2021 से पूर्वी नौसैन्य कमान से क्रॉस कोस्ट अभियान तैनाती पर था और जल्द ही बेस पोर्ट पर लौटने वाला था। नौसेना ने कहा कि इस घटना के कारणों की जांच के लिए एक ‘बोर्ड ऑफ इंक्वायरी’ का आदेश दिया गया है।

 
आईएनएस रणवीर भारतीय नौसेना के राजपूत श्रेणी के पांच विनाशक जहाजों में से चौथा है। जहाज को 21 अप्रैल 1986 को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था। इसके हथियारों में सतह से सतह और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें, विमान भेदी, मिसाइल रोधी बंदूकें, टारपीडो और पनडुब्बी रोधी रॉकेट लाॅन्चर शामिल हैं।
 
यह जहाज तटीय और अपतटीय गश्त, संचार की समुद्री लाइनों की निगरानी, ​​समुद्री कूटनीति, आतंकवाद और एंटी-पायरेसी ऑपरेशन सहित कई तरह की भूमिका निभाने में सक्षम है। उल्लेखनीय है कि 'रणवीर' नाम का अर्थ युद्ध में लड़ने वाले योद्धाओं की वीरता और पराक्रम है। आईएनएस रणवीर जम्मू-कश्मीर राइफल्स और लद्दाख स्काउट्स की रेजिमेंट से भी जुड़ा हुआ है।
webdunia

राहुल गांधी ने जताया दु:ख : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को भारतीय नौसेना के जहाज (आईएनएस) रणवीर में हुए विस्फोट में नौसैन्य कर्मियों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
 
गांधी ने ट्वीट किया कि आईएनएस रणवीर में विस्फोट की खबर बेहद दुखद है। जान गंवाने वाले नौसेना के नाविकों के परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना। घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

पीट्रॉन ने लांच की बीटी कॉलिंग के साथ नई स्मार्टवॉच