Publish Date: Thu, 28 Sep 2023 (12:32 IST)
Updated Date: Thu, 28 Sep 2023 (12:38 IST)
Punjab news in hindi : कांग्रेस ने 2015 के मादक पदार्थ मामले के संबंध में गुरुवार को अपने विधायक सुखपाल सिंह खैरा को पंजाब पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने को बदले की राजनीति का प्रमाण करार दिया। पार्टी ने दावा किया कि राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है।
पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'किसान कांग्रेस के अध्यक्ष सुखपाल सिंह खैरा जी की गिरफ्तारी पंजाब सरकार की बदले की राजनीति का प्रमाण है। आम आदमी पार्टी की सरकार का यह कदम विपक्ष की आवाज़ को दबाने की कोशिश है। यह सर्वथा गलत है। हम सब सुखपाल जी के साथ हैं।'
पंजाब पुलिस ने 2015 के मादक पदार्थ मामले के संबंध में कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा को हिरासत में ले लिया। विधायक के परिवार के सदस्यों ने यह दावा किया। हालांकि, खैरा को हिरासत में लिए जाने पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
सुखपाल खैरा ने खुद फेसबुक पर लाइव आकर इसकी जानकारी दी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में खैरा पुलिस टीम के साथ बहस करते दिखाई दे रहे हैं।विधायक छापेमारी करने वाले टीम में शामिल पुलिस अधिकारियों से उनकी पहचान भी पूछते नजर आ रहे हैं। उन्होंने गिरफ्तारी वारंट दिखाने को भी कहा।
जब खैरा ने पुलिस टीम से पूछा कि उन्हें कहां ले जाया जा रहा है तो एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें फाजिल्का के जलालाबाद ले जाया जा रहा है।
भगवंत मान सरकार की आलोचना करते हुए कांग्रेस विधायक ने दावा किया कि उन्हें फर्जी मामले में पकड़ा जा रहा है और राज्य में जंगल राज चल रहा है।