Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

कांग्रेस कर रही थी नकदी संकट का दावा, चुनावों में खर्च किए 585 करोड़ रुपए

हमें फॉलो करें Congress

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली , मंगलवार, 8 अक्टूबर 2024 (07:05 IST)
Congress election expenses : लोकसभा चुनाव से पहले नकदी संकट का दावा करने वाली कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग को बताया है कि उसने संसदीय चुनाव और उसके साथ हुए राज्य विधानसभा चुनावों में करीब 585 करोड़ रुपए खर्च किए। आयकर रिटर्न के विवादों को लेकर आयकर विभाग ने पार्टी के कुछ बैंक खातों पर रोक लगा दी थी। कांग्रेस को 13.76 करोड़ रुपए नकदी जमा समेत विभिन्न रूपों में सकल प्राप्तियों के रूप में 539.37 करोड़ रुपए प्राप्त हुए।
 
आम चुनाव और आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा और सिक्किम के विधानसभा चुनावों के लिए अपने चुनाव व्यय रिपोर्ट में कांग्रेस ने कहा कि उसने विज्ञापनों और मीडिया में प्रचार अभियान पर 410 करोड़ रुपए तथा सोशल मीडिया, ऐप और अन्य माध्यमों से डिजिटल प्रचार अभियानों पर लगभग 46 करोड़ रुपए खर्च किए हैं।
पार्टी ने यह भी कहा कि उसने लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान अपने स्टार प्रचारकों की हवाई यात्राओं पर लगभग 105 करोड़ रुपए खर्च किए, जिनमें पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य नेता शामिल थे।
 
कांग्रेस ने इस साल लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी और पार्टी के कुछ अन्य उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने के लिए 11.20 करोड़ रुपए का एकमुश्त भुगतान भी किया। पार्टी ने लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान पोस्टर, बैनर, होर्डिंग और अन्य प्रचार सामग्री की छपाई पर कुल 68.62 करोड़ रुपए खर्च किए।
लोकसभा चुनाव की घोषणा के समय कांग्रेस के पास विभिन्न जमा राशि के रूप में कुल 170 करोड़ रुपए थे। पार्टी को 13.76 करोड़ रुपए नकदी जमा समेत विभिन्न रूपों में सकल प्राप्तियों के रूप में 539.37 करोड़ रुपए प्राप्त हुए।
 
मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले धन की कमी का जिक्र किया था क्योंकि पिछले वर्षों के आयकर रिटर्न के विवादों को लेकर आयकर विभाग ने पार्टी के कुछ बैंक खातों पर रोक लगा दी थी। हालांकि मामला अदालत में पहुंचने के बाद खातों पर से रोक हटा दी गई।
कांग्रेस ने आम चुनाव में 543 लोकसभा सीटों में से 99 सीटें जीतीं और मुख्य विपक्षी पार्टी के रूप में उभरी। भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटी। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Assembly Election Result 2024 Live commentary: हरियाणा और जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव परिणाम