Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

Weather update : महाराष्ट्र में कमजोर पड़ा चक्रवात निसर्ग, उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश

Advertiesment
हमें फॉलो करें Weather update : महाराष्ट्र में कमजोर पड़ा चक्रवात निसर्ग, उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश
, शुक्रवार, 5 जून 2020 (00:01 IST)
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में गुरुवार तक चक्रवात निसर्ग के कमजोर पड़ने के बाद बारिश संबंधी विभिन्न हादसों में 2 लोगों की जान चली गई। देश के उत्तरी राज्यों के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। 
 
मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात कम दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील हो चुका है। गुरुवार शाम तक इस चक्रवात के राज्य के दक्षिणी हिस्से से पश्चिमी हिस्से में जाने की  बजाय मध्यप्रदेश में प्रवेश करने की संभावना थी। 
 
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात मध्यप्रदेश में प्रवेश करने से पहले चक्रवाती तूफान में बदल गया और आगे इसके और कमजोर होने की संभावना है।
 
नासिक के कुछ हिस्सों में लोगों ने भारी बारिश का सामना किया। बारिश से जुड़ी एक दुर्घटना में पोल्ट्री फार्म में घुसते समय 45 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। पुणे में दीवार ढहने की घटना में घायल हुए 35 वर्षीय व्यक्ति की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। 
 
निसर्ग और इसके साथ आई बारिश का मुंबई के वायु गुणवत्ता स्तर पर सकारात्मक प्रभाव देखा गया। मुंबई का वायु गुणवत्ता सूचकांक 17 दर्ज किया गया जो इस वर्ष का श्रेष्ठ है। 
 
अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन ने चक्रवाती तूफान से प्रभावित रायगढ़ जिले में बहाली का काम शुरू कर दिया है। चक्रवात में कई कच्चे घर, झुग्गियां आदि नष्ट होने के साथ ही सैंकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे भी उखड़ गए थे। इनके अलावा कुछ घरों की छतें उड़ गईं। 
 
राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान औसत से तीन डिग्री कम 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
 राजस्थान में बाडमेर सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जैसलमेर और बीकानेर में अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
मौसम विभाग के अनुसार चुरू, जोधपुर, अजमेर, जयपुर, कोटा और दाबोक (उदयपुर) में भी अधिकतम तापमान क्रमश: 39.3, 38.8, 35.4, 35, 33.9 और 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस बीच अजमेर और दाबोक में क्रमश: 6.8 और 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। विभाग ने राज्य में अगले 4 दिनों तक हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।

हरियाणा के अंबाला में दिन में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से दो डिग्री कम है। पंजाब के अमृतसर में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 3 डिग्री कम है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

कांग्रेस का आरोप, गर्भवती हथिनी की दर्दनाक मौत को सांप्रदायिक रंग दे रही है भाजपा