Publish Date: Thu, 15 Nov 2018 (07:28 IST)
Updated Date: Thu, 15 Nov 2018 (08:14 IST)
नई दिल्ली। भारतीय नौसेना को दक्षिण तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों की ओर बढ़ रहे गज चक्रवाती तूफान को देखते हुए हाई अलर्ट कर दिया गया। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
नौसेना अधिकारियों ने बताया कि पूर्वी नौसेना कमान (ईएनसी) ने आवश्यक मानवीय सहायता मुहैया कराने के लिए उच्च स्तरीय तैयारी की है। तूफान बृहस्पतिवार शाम में दोनों राज्यों के तटीय क्षेत्रों को पार कर सकता है।
नौसेना के एक अधिकारी ने बताया, दो भारतीय नौसैनिक जहाज रणवीर और खंजर मानवीय सहायता और संकट राहत के लिए सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए खड़े हैं।
उन्होंने बताया कि इन जहाजों में अतिरिक्त गोताखोर, डॉक्टर, हवा वाली रबड़ की नाव, हेलीकॉप्टर और राहत सामग्री तैयार है।
100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा : मौसम कार्यालय ने बताया कि ‘गज’ गुरुवार शाम या रात को पम्बान तथा कुड्डलूर के बीच तटीय क्षेत्र को पार कर सकता है। इस दौरान 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
सभी शिक्षण संस्थाएं बंद : तंजौर, तिरुवरुर, पुडुकोट्टई, नागपट्टिनम, कुड्डलूर और रामनाथपुरम के कलेक्टरों ने गुरुवार को स्कूलों और कॉलेजों की छुट्टी घोषित कर दी है। तूफान को देखते हुए पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे।
मछुआरों को चेतावनी : भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वह आज समुद्र में मछली पकड़ने ना जाएं।
webdunia
Publish Date: Thu, 15 Nov 2018 (07:28 IST)
Updated Date: Thu, 15 Nov 2018 (08:14 IST)