Publish Date: Thu, 15 Nov 2018 (00:06 IST)
Updated Date: Thu, 15 Nov 2018 (00:50 IST)
मुंबई। बॉलीवुड के कलाकार रणवीर सिंह बुधवार को आखिरकार अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के साथ विवाह के बंधन में बंध गए। इटली के लेक कोमो में कोंकणी रीति-रिवाज से हुई शादी के बाद बुधवार से दोनों आधिकारिक रूप से पति-पत्नी का दर्जा मिल जाएगा।
दीपिका दक्षिण भारतीय हैं इसलिए दोनों ने कोंकणी रीति-रिवाज से शादी की रस्में पूरी की हैं। खास बात यह है कि दोनों के पूरे परिवार के सदस्य विवाह के समय मौजूद थे। रणवीर सिंह के पारिवारिक रीति-रिवाज से शादी 15 नवंबर को संपन्न होगी। शादी के बाद अब रणवीर और दीपिका अपने मेहमानों के लिए खास दावत का आयोजन कर रहे हैं।
दीपिका-रणवीर की शादी के संपन्न होते ही सबसे पहले बॉलीवुड सेलिब्रिटी की तरफ से करण जौहर ने बधाई दी है। दोनों के करीबी रहे करण ने ट्विटर पर बधाई देते हुए कहा कि कोई दोनों की नजर उतार लो, क्या खूबसूरत और गॉर्जियस कपल हैं। दोनों को जिंदगीभर खुशी मिले और उन्हें बहुत सारा प्यार!
दीपिका ने शादी में परंपरागत सफेद रंग की कांजीवरम सिल्क की साड़ी पहन रखी थी, वहीं उन्होंने सोने का नेकलेस और कमरपट्टा रिंग्स और पायल भी पहन रखी थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद अपने पिता प्रकाश पादुकोण के गले लगकर दीपिका खूब रोईं।
शादी के रिसेप्शन का आयोजन 28 नवंबर को मुंबई के एक होटल में किया जाएगा। इससे पहले एक वेडिंग रिसेप्शन बेंगलुरु में भी होगा, जो कि 21 नवंबर को होगा। इस रिसेप्शन में ही पहली बार दीपिका और रणवीर बतौर दंपति अपनी पहली अपीयरेंस देंगे। चूंकि दीपिका बेंगलुरु से हैं, तो यह आयोजन खासतौर से वहीं होगा।
गत रात हुई दीपिका और रणवीर की सगाई और मेहंदी के दौरान दोनों ने जमकर मस्ती की। सूत्रों के अनुसार दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की मेहंदी के दौरान दीपिका अपने हाथों में मेहंदी लगा रही थीं और रणवीर सिंह की यह ड्यूटी लगी थी कि वे दीपिका पादुकोण को खाना खिलाएंगे। इस दौरान रणवीर सिंह ने खूब मस्ती की।