अयोध्या में दलित युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार, फूट-फूटकर रो पड़े सांसद अवधेश प्रसाद
अयोध्या में एक दलित युवती की दुष्कर्म के बाद की गई हत्या के मामले में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
Dalit girl raped and murdered in Ayodhya: राम नगरी अयोध्या में दलित युवती से दरिंदगी कि दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हालांकि पुलिस ने इस घटना से जुड़े 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना के बाद फैजाबाद लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद फूट-फूटकर रो पड़े। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस बीच, मिल्कीपुर सीट पर विधानसभा उपचुनाव के चलते इस घटना ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है।
तीन आरोपी गिरफ्तार : अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरण नैयर ने बताया कि 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मुकदमा पंजीकृत करते हुए दो टीमों का गठन किया गया था। एक फरवरी को शव बरामद किया गया था, जिसकी पहचान मिसिंग लड़की के रूप में हुई थी। इसके बाद पुलिस के द्वारा तत्काल चार टीमों का गठन कर फॉरेंसिक टीम से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन किया गया।
उन्होंने बताया कि जहां युवती का शव मिला उससे यह प्रतीत हो रहा था कि घटना स्थल कहीं और है। शुरुआत में यह ब्लाइंड केस था, लेकिन पुलिस ने पूरी तत्परता से इस मामले को सुलझा लिया और इस घटना में संलिप्त तीन अभियुक्त हरिराम कोरी, विजय शाहू व दिग्विजय सिंह को गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी नैयर ने बताया कि घटना के संबंध मे जो हमारी टीम बनी थी सीसी टीवी फुटेबज, वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकी। आरोपियों ने अपना गुनाह भी कबूल लिया है। इस केस में जल्द ही चार्जशीट पेश की जाएगी।
क्या है पूरा मामला : यह पूरा मामला अयोध्या कोतवाली के सहनवा गांव का है, जहां 22 वर्षीय दलित युवती के साथ दरिंदगी की गई। पीड़ित परिवार के मुताबिक उनकी बेटी 30 जनवरी की रात को भागवत कथा के लिए गई थी। जब रात 11 बजे तक वह घर नहीं आई तो पूरे गांव के लोगों ने सुबह तक उसकी खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिली। फिर पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। काफी खोजबीन के बाद लड़की एक नाले में मिली, जहां खून के निशान और कपड़े मैल। लड़की के शरीर पर कपड़े नहीं थे, उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। उसके शरीर पर जगह-जगह जख्म के निशान थे। उसके हाथ-पैर में फ्रेक्चर था। शव देखकर लग रहा था कि लड़की को बड़ी ही बेरहमी से मारा गया था।
महिला आयोग की सदस्य परिजनों से मिलीं : इसी बीच, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्य ने पीड़ित परिवार मुलाकात की। उन्होंने कहा कि हमने को आश्वासन दिया है कि परिवार को त्वरित न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच चल रही है, जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। अयोध्या नगर निगम के मेयर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala