Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

दिल्ली के डिप्टी CM मनीष सिसोदिया को 5 दिन की CBI रिमांड, AAP बोली- करोड़ों की हेराफेरी वाले घूम रहे हैं बाहर

हमें फॉलो करें दिल्ली के डिप्टी CM मनीष सिसोदिया को 5 दिन की CBI रिमांड, AAP बोली- करोड़ों की हेराफेरी वाले घूम रहे हैं बाहर
, सोमवार, 27 फ़रवरी 2023 (19:13 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली (Delhi) के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) की गिरफ्तारी पर भाजपा और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच राजनीति गरमा गई है। दोनों दल एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने इसे पीएम मोदी की तानाशाही बताया है। भाजपा ने कहा कि यह इतिहास में पहली बार हुआ कि कोई शिक्षा मंत्री शराब नीति घोटाले में गिरफ्तार किया गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने सोमवार को भाजपा और केंद्र पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी ‘भाजपा की तानाशाही के अलावा और कुछ नहीं’ है। सिंह ने कहा कि अडाणी मामले में लोगों का ध्यान भटकाने के लिए यह कार्रवाई की गई है।
 
सिंह ने कहा कि गरीब बच्चों के कल्याण के लिए जी तोड़ मेहनत करने वाले नेता को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। मनीष सिसोदिया के घर पर छापेमारी की गई, लेकिन कुछ नहीं मिला। अडाणी को लेकर मचे हंगामे से जनता का ध्यान भटकाने के लिए ऐसा किया जा रहा है।’
 
प्रेस कॉन्फेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उन नेताओं और उनकी पार्टियों को ‘‘परेशान’’ कर रही है, जिन्होंने अडाणी मामले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कराने की मांग की थी।
 
सिंह ने आरोप लगाया कि उन्होंने उन नेताओं को परेशान करना शुरू कर दिया है, जो अडाणी मामले की जेपीसी जांच की मांग कर रहे थे। सीबीआई, सेबी, आयकर विभाग सब खामोश हैं। एक तरफ अडाणी हैं, जो करोड़ों रुपए की हेराफेरी कर रहे हैं और बिना किसी जांच के खुलेआम घूम रहे हैं तथा दूसरी तरफ वे एक ऐसे नेता को गिरफ्तार कर रहे हैं, जो समर्पित रूप से काम कर रहे हैं।’’
 
अमेरिका की ‘हिंडनबर्ग रिसर्च’ ने अडाणी समूह की कंपनियों पर शेयर कीमतों में हेराफेरी करने के आरोप लगाए थे। अडाणी समूह ने आरोपों को झूठ बताते हुए खारिज कर दिया है।
 
सिंह ने दावा किया कि भाजपा आप की उपलब्धियों और लोकप्रियता से ‘ईर्ष्या’ करती है। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा आम आदमी पार्टी की उपलब्धियों और बढ़ती लोकप्रियता से जलती है...मैंने कल कहा था कि यह तानाशाही की पराकाष्ठा है और मैं उस बयान को दोहराता हूं। लेकिन लोग सब कुछ देख रहे हैं और वे न्याय सुनिश्चित करेंगे। यह तानाशाही है। जल्द इस तानाशाही का अंत होगा।’’
 
उन्होंने कहा कि आप आंदोलन से पैदा हुई है और इसके नेता जेल जाने से नहीं डरते। दिल्ली पुलिस पर हमला करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि आप के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के लिए पुलिसकर्मियों को आप कार्यालय के भीतर भेजा गया।
 
सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी हमारे पार्टी कार्यालय के अंदर आए और हमारे कार्यकर्ताओं तथा नेताओं को हिरासत में ले लिया। यह भाजपा की तानाशाही की पराकाष्ठा है। दिल्ली पुलिस और तमाम केंद्रीय एजेंसियां भाजपा के इशारे पर काम कर रही हैं।
 
आप को संविधान पर भरोसा नहीं : भाजपा ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन करने को लेकर सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा और कहा कि सीबीआई ‘भ्रष्ट’ लोगों के खिलाफ कानूनी तरीके से काम कर रही है, लेकिन ऐसा लगता है कि राजधानी की सत्तारूढ़ पार्टी को कानून, संविधान और लोगों पर भरोसा नहीं है।
 
अब वापस ले ली गई आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामले में सिसोदिया को चार मार्च तक सीबीआई रिमांड पर भेजे जाने के बाद भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने संवाददाताओं से कहा कि अपने ‘नाटक’ और ‘अराजकता’ के प्रदर्शन के जरिए आप ने संकेत दिया है कि वह जांच एजेंसियों को अपना काम नहीं करने देगी। उन्होंने कहा कि यह न्याय की प्रक्रिया में बाधा डालने और अदालत की अवमानना के समान है।
 
भाजपा प्रवक्ता ने आप को ‘अराजक, आपराधिक पार्टी’ करार दिया और आरोप लगाया कि ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने संविधान को नष्ट करने की शपथ ली है। उन्होंने कहा कि न तो केजरीवाल कानून का पालन करते हैं और न ही वह भ्रष्टाचार में शामिल अपने मंत्रियों को बर्खास्त करते हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि आप सरकार में मंत्री सत्येन्द्र जैन को अभी तक जमानत नहीं मिली है, क्योंकि अदालतों का मानना है कि उनके खिलाफ आरोप गंभीर हैं।
 
सीबीआई की एक विशेष अदालत ने सिसोदिया को आबकारी घोटाला मामले में गिरफ्तारी के एक दिन बाद सोमवार को चार मार्च तक केंद्रीय जांच एजेंसी की हिरासत में भेज दिया।
 
आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शराब की बिक्री से संबंधित अब रद्द की गई आबकारी नीति में कथित भ्रष्टाचार के संबंध में सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन किया। एजेंसियां

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

7 दिनों में निवेशकों की पूंजी 10.42 लाख करोड़ घटी, सेंसेक्स 2000 से भी अधिक अंक गिरा