Publish Date: Thu, 13 Jul 2023 (14:26 IST)
Updated Date: Thu, 13 Jul 2023 (14:37 IST)
Delhi Flood : हथिनी बैराज कुंड से पानी छोड़ने के बाद से राजधानी दिल्ली में यमुना का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को पानी खतरे के निशान से ऊपर 208.62 मीटर पर पहुंच गया। दिल्ली सचिवालय से लेकर यमुना खादर, राजघाट और लाल किले तक पानी ही पानी नजर आ रहा है। जलजमाव की वजह से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली में बाढ़ से जुड़ी हर जानकारी...
-दिल्ली के मेटकॉफ रोड स्थित सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर में पानी भर गया। एएनआई के मुताबिक यहां 40 मरीज भर्ती थे। इनमें 3 वेंटीलेटर पर थे। इन्हें एलएनजेपी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।
-दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर एहतियाती कदम के रूप में राज्य सरकार ने सिंधु बार्डर सहित शहर की चारों सीमाओं से आवश्यक सामान लाने वाले वाहनों को छोड़कर भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है।
-यमुना नदी में असामान्य रूप से बढ़ते जल स्तर को देखते हुए एहतियात के तौर पर सिंघू बॉर्डर, बदरपुर बॉर्डर, लोनी बॉर्डर और चिल्ला बॉर्डर से भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।'
-डीएमआरसी ने कहा- बढ़ते जल स्तर के कारण एहतियाती तौर पर यमुना के चार पुलों को मेट्रो ट्रेन 30 किलोमीटर प्रति घंटे की सीमित गति से पार कर रही है।
-हथिनी बैराज कुंड से पानी छोड़ने के बाद से राजधानी दिल्ली में यमुना का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। आज सुबह पानी खतरे के निशान से 3 मीटर ऊपर 208.46 पर पहुंच गया। देखते ही देखते पानी शहर में घुस गया।
-दिल्ली सचिवालय से लेकर यमुना खादर, राजघाट और लाल किले तक पानी ही पानी नजर आ रहा है। जलजमाव की वजह से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
-दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि DDMA की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए हैं। स्कूल, कॉलेज को रविवार तक के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया है।
-सरकारी दफ्तर जो अत्यावश्यक सेवाएं देतें हैं उनको छोड़कर सभी अन्य सरकारी दफ्तरों को घर से काम करने के लिए कहा गया है। प्राइवेट दफ्तरों से भी इसकी अपील की गई है।
-अगले एक-दो दिन दिल्ली के लोगों को पानी की दिक्कत होने वाली है।
-यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद मयूर विहार फेज 1 के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया। इस वजह से कई लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा। लोगों ने फ्लाइओवर ने नीचे शरण ली है।