Publish Date: Tue, 12 Apr 2022 (07:33 IST)
Updated Date: Tue, 12 Apr 2022 (10:36 IST)
देवघर। झारखंड के देवघर में त्रिकुट रोपवे हादसे में फंसे लोगों को निकालने के लिए तीसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हुए। ट्रालियों में अभी भी 5 लोग फंसे हुए हैं।
वायुसेना, सेना, आईटीबीपी व एनडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने मंगलवार तड़के एक बार फिर राहत और बचाव अभियान शुरू किया। आज सुबह राहतकर्मियों ने 10 और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। रोपवे में दो केबल कारों के टकराने के 40 घंटे से अधिक समय में अब तक 42 लोगों को बचाया गया है।
बचाव अभियान के दौरान सोमवार को एक दर्दनाक हादसा भी हुआ। एक व्यक्ति हेलिकॉप्टर से गिर गया और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
उल्लेखनीय है कि बाब बैद्यनाथ के प्रसिद्ध मंदिर से तकरीबन 20 किलोमीटर दूर तकनीकी खराबी की वजह से रोपवे की कारें आपस में टकरा गई थी। केबल कारों में फंसे हुए लोगों को ड्रोन के जरिए खाना और पानी दिया जा रहा है। रोपवे का संचालन एक निजी कंपनी कर रही है। इसे चला रहे परिचालक दुर्घटना के कुछ देर बाद ही इलाके से भाग गए।
झारखंड पर्यटन विभाग के अनुसार, यह रोपवे बाबा बैद्यनाथ मंदिर से करीब 20 किलीमीटर दूर स्थित है और यह 766 मीटर लंबा है जबकि पहाड़ी 392 मीटर ऊंची है।