Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

Dussehra 2024 : देशभर में धूमधाम से मना दशहरे का पर्व, दिल्ली के लाल किला में हुआ रावण दहन

हमें फॉलो करें Dussehra 2024 : देशभर में धूमधाम से मना दशहरे का पर्व, दिल्ली के लाल किला में हुआ रावण दहन

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली , शनिवार, 12 अक्टूबर 2024 (19:07 IST)
देशभर में शारदीय नवरात्र पूरा होने के अवसर पर शनिवार को विजयदशमी की धूम रही और अलग-अलग स्थानों पर बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक रावण के पुतलों का दहन किया गया। राष्ट्रीय राजधानी के लाल किला में हुआ रावण दहन जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाग लिया जिसमें दोनों ने राम-लक्ष्मण को तिलक भी लगाया। दिल्ली में आयोजित रावण दहन के कार्यक्रम में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा कई स्थानों पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किये गए।
 
राजधानी दिल्ली में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले के माधव दास पार्क में 'रावण दहन' कार्यक्रम में भाग लिया। इससे पहले मोदी ने लोगों को विजयादशमी-दशहरा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा,“मैं कामना करता हूं कि आप सभी मां दुर्गा और प्रभु श्री राम के आशीर्वाद से जीवन के हर क्षेत्र में जीत हासिल करें। विजयादशमी दुर्गा पूजा के समापन का प्रतीक माना जाता है। राक्षस राजा रावण पर भगवान राम की जीत का जश्न मनाती है।”
 
दशहरा समारोह के हिस्से के रूप में लाल किले के माधव दास पार्क में रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले जलाए गए। रावण दहन से पहले राष्ट्रपति मुर्मु और मोदी ने दशहरा समारोह में शामिल होने के लिए लाल किले के माधव दास पार्क में भगवान राम, लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले कलाकारों के माथे पर 'तिलक' भी लगाया।
 
इस अवसर पर भगवान हनुमान की भूमिका निभाने वाले अभिनेता विंदू दारा कहते हैं, “मेरा संदेश यह है कि प्रधान मंत्री मोदी ने 'सबका साथ सबका विकास' कहा है। भारत एकजुट है और सही दिशा में आगे बढ़ रहा है और यह हम सभी की जिम्मेदारी है। इसे और भी बेहतर बनाओ...।”

नवश्री धार्मिक लीला में शामिल हुए राहुल और सोनिया 
कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को यहां दशहरा उत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए।
 
लाल किले के निकट ‘नवश्री धार्मिक लीला कमेटी’ द्वारा आयोजित दशहरा उत्सव में कांग्रेस के दोनों शीर्ष नेताओं ने भगवान राम, माता सीता और हनुमान जी का विजय तिलक किया।
 
कांग्रेस ने इस कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि आज सोनिया गांधी और राहुल गांधी दिल्ली के नवश्री धार्मिक लीला कमेटी द्वारा आयोजित दशहरा उत्सव में सम्मिलित हुए। 
 
दशहरा महापर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व संदेश देता है कि विजय हमेशा सत्य की होती है और अधर्म सदैव पराजित होता है।’’ इस दशहरा उत्सव कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जेपी अग्रवाल उनके पुत्र मुदित अग्रवाल भी उपस्थित थे। 
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दशहरा के पावन अवसर पर पश्चिम बंगाल के सुकना सैन्य स्टेशन पर पारंपरिक शस्त्र पूजा की। भारतीय सेना में यह महत्वपूर्ण समारोह राष्ट्र की संप्रभुता के रक्षक के रूप में हथियारों के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
 
रक्षा मंत्री ने कलश पूजा के साथ अनुष्ठान प्रारंभ किया, उसके बाद शस्त्र पूजा और वाहन पूजा की। उन्होंने अत्याधुनिक पैदल सेना, तोपखाने और संचार प्रणालियों, गतिशीलता प्लेटफार्मों और ड्रोन प्रणालियों सहित कई आधुनिक सैन्य उपकरणों की भी पूजा की। रक्षा मंत्री की सैनिकों के साथ बातचीत के पश्चात कार्यक्रम का समापन हुआ।
 
राजस्थान की राजधानी जयपुर में पूर्व राजघराने के महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह ने विजयादशमी के अवसर पर को यहां शस्त्र पूजा की। श्री सिंह ने सिटी पैलेस में रीति-रिवाज एवं पारंपरिक रूप से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने पहले चंद्र महल में शस्त्र पूजा की। इसके साथ ही सर्वतोभद्र चौक में अश्व पूजा, गज पूजा और पालकी की पूजा भी की।
 
इस अवसर पर जयपोल पर परंपरा अनुसार नील कंठ पक्षी को भी उड़ाया गया। इस मौके पर ताजमी सरदार, खासा चौकी सरदार एवं जयपुर के पूर्व ठाकुर और ठिकानेदार मौजूद रहे।
 
राजस्थान में अजमेर के बंगाली समाज ने 39 वें शारदीय दुर्गा पूजा महोत्सव के तहत परम्परागत 'सिंदूर' की होली खेल मातारानी से खुशहाली की कामना की। शहर के कचहरी रोड बंगाली गली में कोलकाता के कारीगरों द्वारा तैयार की गयी विशाल मां दुर्गा की मूर्ति के समक्ष बंगाली समाज ने सुबह पुष्पांजलि तथा भोग का आयोजन किया। उसके बाद सिंदूर दान किया गया।
 
तत्पश्चात बंगाली महिलाओं ने एक दूसरे के सिंदूर लगाकर माता से परिवार में खुशहाली तथा पति की लम्बी आयु की कामना की। रावण दहन से पूर्व शाम को बंगाली समाज विसर्जन जुलूस निकालेगा, जिसमें बड़ी संख्या में बंगाली समाज के महिला-पुरूष, बुजुर्गों तथा बच्चों की हिस्सेदारी रहेगी। इसी के साथ माता की विदाई हो जायेगी।
 
भोपाल से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार लोकमाता देवी अहिल्याबाई के शासनकाल में महिला सशक्तिकरण के लिए हुए महती कार्यों की स्मृति और देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती वर्ष पर विजयादशमीं का पावन पर्व पूरे मध्यप्रदेश में शस्त्र-पूजन के साथ मनाया गया।
 
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव देवी अहिल्याबाई की पूर्व राजधानी महेश्वर और छावनी इन्दौर में आयोजित शस्त्र-पूजन कार्यक्रम में शामिल हुये। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की मंगलकामनाएं देते हुए देवी अहिल्याबाई द्वारा किये गये लोक कल्याणकारी कार्यों का स्मरण किया। शस्त्र-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने महेश्वर क्षेत्र के लिए 83 करोड़ 29 लाख रूपये के 43 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन भी किया। डॉ यादव ने महेश्वर में स्थापित लोकमाता देवी अहिल्याबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।
 
विजयादशमी के पावन अवसर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने पुलिस शास्त्रागार भोपाल में शस्त्र-पूजा की। वहीं उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने पुलिस लाइन रीवा में शस्त्र पूजन किया। उप मुख्यमंत्री ने असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक विजयदशमी पर्व की सभी को शुभकामनाएं दीं। जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने विजयादशमी पर्व पर आज पुलिस लाइन खंडवा में पूर्ण विधि-विधान से शस्त्र-पूजा की। इसके बाद हवन कर शस्त्र आरती भी की गई। साथ ही सफेद कद्दू काटकर माता को भेंट भी दी गयी।
 
विजयादशमी के पावन अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पुलिस लाइन धार में शस्त्र-पूजन किया। अतिथियों द्वारा यहां वैदिक मंत्रोपचार व विधिविधान से शस्त्र पूजन और हवन पूजन किया गया। विजयादशमी पर्व पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने पुलिस लाइन नरसिंहपुर में आयोजित शस्त्र-पूजन कार्यक्रम में सहभागिता की। विजयादशमी पर्व पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह आज पुलिस लाइन जबलपुर में आयोजित शस्त्र-पूजन कार्यक्रम में शामिल हुये।
 
सीहोर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त, घुमंतु और अर्धघुमंतु कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने शस्त्रों एवं वाहनों का पूजन किया और सबकी सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। साथ ही नागरिकों को दशहरे की शुभकामनाएं दीं।
 
छत्तीसगढ़ से प्राप्त समाचार के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दशहरा पर्व पर शनिवार को श्री राम विजयादशमी उत्सव, डब्ल्यू आर एस कॉलोनी रायपुर में रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया।
 
इस अवसर पर प्रदेशवासियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए श्री साय ने कहा कि विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और अन्याय पर न्याय की जीत का प्रतीक है। यह पर्व हमें सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है, सत्य के मार्ग में कितनी भी परेशानियां और कठिनाईयां क्यों न हो, विजय सदा सत्य की होती है।
 
विजयादशमी के अवसर पर देश के कई स्थानों पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ताओं ने संघ का गणवेश धारण कर पथ संचलन का कार्यक्रम आयोजित किये।
 
इसी तरह उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश,पंजाब, हिमाचल प्रदेश और महाराष्ट्र समेत देश के विभिन्न हिस्सों से विजयादशमी के अवसर पर रावण दहन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न होने के समाचार मिले हैं। इनपुट भाषा 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

बांग्लादेश में दुर्गा पूजा पंडालों पर हमले पर भारत का बड़ा बयान