Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

Weather Update: राजधानी दिल्ली में गर्मी से मिली राहत, आज चल सकती है धूलभरी आंधी

हमें फॉलो करें Weather Update: राजधानी दिल्ली में गर्मी से मिली राहत, आज चल सकती है धूलभरी आंधी
, बुधवार, 4 मई 2022 (08:34 IST)
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि मौसम विभाग ने 4 मई, बुधवार को को धूलभरी आंधी या तूफान की भविष्यवाणी की थी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार शाम के समय हवा में आर्द्रता का स्तर 43 प्रतिशत दर्ज किया गया।

 
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जिसमें आंशिक रूप से बादल छाए रहने और 4 मई को गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान वर्ष के इस समय के अनुसार सामान्य से 2 डिग्री अधिक 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली की सफदरजंग वेधशाला में तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 12 साल में अप्रैल महीने में सर्वाधिक तापमान था। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण राजधानी से पुरवाई हवाएं चलने से रविवार को तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान के क्रमश: 27 डिग्री सेल्सियस और 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित करने वाले एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण राष्ट्रीय राजधानी में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
 
एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि 4 और 5 मई को एक और पश्चिमी विक्षोभ का पूर्वानुमान है। शहर में कम से कम 2 से 3 दिनों तक लू चलने की संभावना नहीं है। तापमान के 6 मई तक 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
 
पश्चिमी हिमालय पर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है और एक दूसरा पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी अफगानिस्तान पर बना हुआ है। प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पाकिस्तान के मध्य भाग और पंजाब के आसपास के हिस्सों में है। एक ट्रफ रेखा मध्य पाकिस्तान और इससे सटे पंजाब पर बने हुए चक्रवाती क्षेत्र से उत्तरप्रदेश और बिहार होते हुए उपहिमालयी पश्चिम बंगाल तक फैली हुई है। एक अन्य ट्रफ रेखा उत्तरप्रदेश के मध्य भागों से पूर्वी मध्यप्रदेश, विदर्भ और तेलंगाना होते हुए रायलसीमा तक फैली हुई है।
 
स्काईमेट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिम बंगाल, बिहार के पूर्वोत्तर भाग, असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। सिक्किम, उत्तर-पूर्वी भारत और उत्तरी तटीय आंध्रप्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हुई। लक्षद्वीप, केरल, आंतरिक तमिलनाडु, छत्तीसगढ़ और विदर्भ, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश के मध्य भागों, दक्षिण-पूर्व राजस्थान और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। उत्तरी राजस्थान और दक्षिण हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति बनी रही।
 
अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिमी हिमालय में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। पूर्वी उत्तरप्रदेश, केरल, आंतरिक तमिलनाडु और दक्षिण कर्नाटक में हल्की बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर मध्यम बारिश संभव है।
 
उत्तर आंतरिक कर्नाटक, आंध्रप्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी और गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

दोस्त की शादी में नाच रहा था, रांची में युवक की गोली मारकर हत्या