Publish Date: Tue, 04 Jun 2019 (21:21 IST)
Updated Date: Tue, 04 Jun 2019 (22:05 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली समेत देशभर में ईद उल फित्र का त्योहार बुधवार यानी 5 जून को मनाया जाएगा। मंगलवार को कोलकाता, बनारस और असम समेत विभिन्न हिस्सों में ईद का चांद देखा गया। इसी के साथ रमजान का मुकद्दस महीना खत्म हो गया।
दिल्ली की फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने बताया कि देशभर में बुधवार को ईद का त्योहार मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कोलकाता, बिहार में पटना समेत कई इलाकों, उत्तरप्रदेश के संभल और असम के अलावा कई जगहों से चांद के दीदार होने की पुष्टि हुई है, वहीं जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने भी बुधवार को ईद का त्योहार मनाने का ऐलान किया है।
उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्सों से चांद दिखने की तस्दीक हुई है जिसके बाद कल ईद मनाने का ऐलान कर दिया गया।
गौरतलब है कि ईद का त्योहार रमज़ान के रोज़े रखने के बाद मनाया जाता है। इस बार रमजान का महीना 7 मई से शुरू होकर 4 जून को खत्म हो गया। इस बार 29 रोजे रखे गए।