Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

JDU के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का 75 साल की उम्र में निधन

हमें फॉलो करें JDU के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का 75 साल की उम्र में निधन
, गुरुवार, 12 जनवरी 2023 (23:08 IST)
नई दिल्ली। जनता दल यूनाइटेड के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव का गुरुवार रात गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया। वे 75 वर्ष के थे। उन्हें गुरुग्राम के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। यादव की पुत्री सुभाषिनी ने सोशल मीडिया पोस्ट में अपने पिता के निधन की सूचना दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शरद यादव के निधन पर दु:ख जताया। 
शरद यादव का जन्म 1 जुलाई 1947 को नर्मदापुरम (होशंगाबाद) मध्य प्रदेश में हुआ था। समाजवादी विचारधारा के यादव मूलतः मध्य प्रदेश के रहने वाले थे तथा जबलपुर में छात्र राजनीति में सक्रिय होकर बिहार गए और वहां से राष्ट्रीय फलक पर पहचान स्थापित की।

वे 1989 में मंडल राजनीति का प्रमुख चेहरा बनकर उभरे। बाद में वे भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल हुए। वे प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय मंत्री और राजग के संयोजक भी रहे। वे तीन राज्यों से लोकसभा के लिए चुने गए। 
ALSO READ: शरद यादव : प्रोफाइल

फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट के एक बयान में कहा गया है कि यादव को अचेत अवस्था में आपातकालीन वार्ड में लाया गया था। बयान में कहा गया है कि स्वास्थ्य जांच के दौरान, उनकी नाड़ी नहीं चल रही थी या रक्तचाप दर्ज नहीं किया गया... उपचार के सभी प्रयास नाकाम रहे। रात 10.19 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

4 बार सांसद बने : वे बिहार के मधेपुरा लोकसभा से 4 बार सांसद बने। मध्यप्रदेश के जबलपुर से 2 बार सांसद चुने गए तथा उत्तर प्रदेश के बदायूं से भी एक बार लोकसभा के लिए चुने गए। वे छात्र जीवन से राजनीति में आए और उन्होंने बिहार में लालू प्रसाद यादव को 90 के दशक में मुख्यमंत्री बनाने में अहम भूमिका निभाई।
प्रधानमंत्री ने जताया दु:ख : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ समाजवादी नेता शरद यादव के निधन पर शोक जताया। मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि शरद यादव के निधन से दुखी हूं। सार्वजनिक जीवन में अपने लंबे वर्षों में उन्होंने खुद को सांसद और मंत्री के रूप में प्रतिष्ठित किया। वे डॉ. लोहिया के आदर्शों से बहुत प्रेरित थे। मैं हमेशा अपनी बातचीत को संजोकर रखूंगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना।

कई नेताओं ने जताया दु:ख : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी शरद यादव के निधन पर दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। खरगे ने ट्वीट किया कि देश की समाजवादी धारा के वरिष्ठ नेता, जद (यू) के पूर्व अध्यक्ष, शरद यादव के निधन से दुःखी हूं। 
 
उन्होंने कहा कि एक पूर्व केंद्रीय मंत्री व दशकों तक एक उत्कृष्ट सांसद के तौर पर देशसेवा का कार्य कर, उन्होंने समानता की राजनीति को मजबूत किया। उनके परिवार एवं समर्थकों को मेरी गहरी संवेदनाएं।
 
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी शरद यादव के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट किया कि मंडल मसीहा, वरिष्ठ नेता, महान समाजवादी नेता, मेरे अभिभावक आदरणीय शरद यादव जी के असामयिक निधन की खबर से मर्माहत हूं। कुछ कह पाने में असमर्थ हूं।
 
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी ने कहा कि उन्होंने शरद यादव के परिवार के लोगों से बातचीत की। यादव ने कहा कि दुख की इस घड़ी में संपूर्ण समाजवादी परिवार उनके परिजनों के साथ है। एजेंसियां Edited By : Sudhir Sharma 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Joshimath Sinking : जोशीमठ में एक होटल को गिराने का काम हुआ शुरू, प्रशासन को लगेगा एक सप्ताह