Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

गुजरात सरकार ने हिंदीभाषी प्रवासियों से लौटने की अपील की, हमलों को लेकर 431 लोग गिरफ्तार

Advertiesment
हमें फॉलो करें Gujarat Government
, मंगलवार, 9 अक्टूबर 2018 (00:37 IST)
अहमदाबाद/ पटना। हिंदीभाषी प्रवासियों की सुरक्षा के लिए गुजरात के औद्योगिक इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं। हमलों के बाद हिंदीभाषी लोगों के गुजरात से बाहर जाने के बीच राज्य सरकार ने सोमवार को उनसे लौटने की अपील की। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने लोगों से हिंसा में शामिल नहीं होने की अपील की।


वहीं राज्य सरकार ने प्रवासियों को सुरक्षा का आश्वासन देते हुए कहा कि हमलों के संबंध में 431 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 56 प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं। रूपाणी ने दावा किया कि पिछले 48 घंटों में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने स्थिति पर काबू पा लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस के गहन प्रयासों के कारण स्थिति नियंत्रण में है और पिछले 48 घंटों में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। उन्होंने राजकोट में कहा, हम कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं और परेशानी की स्थिति में लोग पुलिस को बुला सकते हैं। हम उन्हें सुरक्षा मुहैया कराएंगे।
webdunia

उत्तर प्रदेश और बिहार के मुख्यमंत्रियों- क्रमश: योगी आदित्यनाथ और नीतीश कुमार तथा केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने रूपाणी से बात की और हमलों को लेकर चिंता जताई। पुलिस ने बताया कि 28 सितंबर को साबरकांठा जिले में 14 महीने की एक बच्ची के साथ कथित बलात्कार के बाद छह जिलों में हिंदीभाषी लोगों पर हमलों की कई घटनाएं हुई हैं।

पुलिस ने इस घटना के संबंध में बिहार के एक श्रमिक रवींद्र साहू को गिरफ्तार किया है। उत्तर भारतीय विकास परिषद के अध्यक्ष महेशसिंह कुशवाह ने दावा किया कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार के करीब 20 हजार लोग गुजराज से बाहर चले गए हैं। इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया और नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के एक नेता ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि गुजरात में बिहार के लोगों के खिलाफ हिंसा के लिए उनकी पार्टी दोषी है।

जदयू प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने आरोप लगाया, आपने गुजरात के कांग्रेस विधायक अल्पेश ठाकुर को बिहार कांग्रेस का सहप्रभारी नियुक्त किया और उनकी सेना (गुजरात क्षत्रिय ठाकोर सेना) बिहार के लोगों को गुजरात से बाहर करने में जुटी है। विपक्षी कांग्रेस का नाम लिए बिना प्रदेश के गृहमंत्री प्रदीप सिंह जडेजा ने कहा कि यह पता लगाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं कि क्या ये (हमले) उन लोगों की साजिश हैं, जो 22 साल से गुजरात की सत्ता से बाहर हैं।

उन्होंने कहा कि यह राज्य सरकार की जिम्मेदारी है कि वह उन लोगों को सुरक्षा मुहैया कराए जो दूसरे प्रांतों से रोजगार के लिए गुजरात आते हैं। उन्होंने हिंसा के कारण भाग गए लोगों से राज्य में लौटने की अपील की। जडेजा ने कहा कि प्रवासियों की सुरक्षा के लिए औद्योगिक क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। जडेजा ने गांधीनगर में कहा कि स्थिति पर नियंत्रण के लिए गुजरात सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से केंद्र को अवगत करा दिया गया है। पुलिस ने हमलों के सिलसिले में ठाकोर सेना के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया है और कई प्राथमिकियों में संगठन का भी नाम लिया गया है। संगठन के अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक अल्पेश ठाकोर ने आरोप लगाया है कि समुदाय के युवकों को फंसाया जा रहा है।

नीतीश कुमार ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की निंदा की और कहा कि अपराध करने वाले को निश्चित तौर पर दंडित किया जाना चाहिए, लेकिन अन्य लोगों के संबंध में समान धारणा नहीं रखनी चाहिए। नीतीश ने कहा, हमारी गुजरात के मुख्यमंत्री और वहां के मुख्य सचिव से बातचीत हुई है। हमारे मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक लगातार उनके संपर्क में हैं।

आदित्यनाथ ने कहा कि रूपाणी ने उनसे कहा कि उनकी सरकार ने सभी के लिए सुरक्षा सुनिश्चित की है तथा सबका स्वागत है। उन्होंने कहा कि गुजरात एक शांतिप्रिय राज्य है और वे लोग अफवाहें फैला रहे हैं, जो वहां का विकास मॉडल पसंद नहीं करते। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

विलियम नॉर्डहॉस, पॉल रोमर को अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार