Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

नायब सिंह सैनी ने दूसरी बार हरियाणा CM पद की शपथ ली, अनिल विज समेत 13 बने मंत्री

हमें फॉलो करें nayab singh saini

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, गुरुवार, 17 अक्टूबर 2024 (14:56 IST)
Haryana CM Oath Ceremony : लाडवा से भाजपा विधायक नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को पंचकूला में आयोजित एक समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत राजग के कई नेता शामिल हुए।
 
हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने अंबाला छावनी से विधायक अनिल विज, इसराना से विधायक कृष्ण लाल पंवार, बादशाहपुर से विधायक राव नरबीर सिंह, तोशाम से विधायक श्रुति चौधरी, अटेली से विधायक आरती सिंह राव और रादौर से विधायक श्याम सिंह राणा समेत 13 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई।
 
शपथ ग्रहण समारोह के लिए भाजपा द्वारा आज का दिन चुना जाना इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इस दिन वाल्मीकि जयंती है। ऋषि वाल्मीकि हिंदू महाकाव्य रामायण के रचयिता हैं और दलितों के बीच विशेष रूप से पूजनीय हैं।
 
उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय और आंध्र प्रदेश सहित कई राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और अमित शाह भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
 
समारोह से कुछ घंटे पहले सैनी वाल्मीकि भवन गए और उन्होंने पंचकूला स्थित गुरुद्वारे एवं मनसा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। सैनी ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा की नयी सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को तीव्र गति से आगे ले जाने की दिशा में काम करेगी। उन्होंने विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर कहा कि हरियाणा की जनता ने मोदी सरकार की नीतियों में विश्वास दिखाया है।
 
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र को पूरी तरह लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे 2014 के संकल्प पत्र और 2019 के संकल्प पत्र को देखें, हमने उन्हें पूरी तरह से लागू किया और अब हमारी सरकार इस संकल्प पत्र को भी लागू करेगी।
 
हरियाणा में 5 अक्टूबर को हुए चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 90 सदस्यीय विधानसभा में 48 सीट जीतकर राज्य में ऐतिहासिक तीसरा कार्यकाल हासिल किया। हिसार से विधायक सावित्री जिंदल समेत तीन निर्दलीय विधायकों ने भी पार्टी को समर्थन दिया। वहीं कांग्रेस ने 37 सीट पर जीत दर्ज की।
 
सैनी (54) ने बुधवार को दत्तात्रेय से मुलाकात की थी। उन्होंने पंचकूला में पार्टी कार्यालय में आयोजित एक बैठक में सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया था। 
 
हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने के साथ-साथ सैनी ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पार्टी के ओबीसी चेहरे सैनी ने मार्च में मनोहर लाल खट्टर की जगह हरियाणा के मुख्यमंत्री का पद संभाला था। उन्होंने कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा विधानसभा सीट से 16,054 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
Edited by : Nrapendra Gupta

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

झारखंड चुनाव में गेमचेंजर महिला वोटर्स को साधने चुनावी लॉलीपाप, 25 से 30 हजार रुपए तक देने का वादा