Festival Posters

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

Weather Update: राजस्थान में गर्मी का रिकॉर्ड टूटा, पंजाब, हरियाणा, यूपी भी झुलसे, दिल्ली में राहत

Advertiesment
हमें फॉलो करें heat record broken in Rajasthan

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली , शुक्रवार, 13 जून 2025 (22:40 IST)
Heat record in broken Rajasthan: राजस्थान में शुक्रवार को भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा और सीमावर्ती शहर गंगानगर में अधिकतम तापमान 49.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पंजाब, हरियाणा और यूपी के लोग भी गर्मी से त्रस्त हैं। हालांकि दिल्लीवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। 
 
राजस्थान में मौसम विभाग ने उम्मीद जताई कि शनिवार से राज्य के कई इलाकों में मानसून पूर्व मौसमी गतिविधियां शुरू होने से लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत मिलेगी। जयपुर स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को गंगानगर में अधिकतम तापमान सामान्य से 7.9 डिग्री अधिक 49.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में सबसे अधिक है। शहर में 14 जून 1934 को अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
 
मौसम विभाग के मुताबिक, चूरू में अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री, जैसलमेर में 46.9 डिग्री, बीकानेर में 46.4 डिग्री, जोधपुर में 46.3 डिग्री, फलोदी व बाड़मेर में 46.2 डिग्री, पिलानी में 45.4 डिग्री, लूणकरणसर में 45.2 डिग्री, पाली व फतेहपुर में यह 45 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 44.9 डिग्री, संगरिया में 44.6 डिग्री, झुंझुनू में 44.5 डिग्री, नागौर में 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
 
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को उदयपुर, कोटा, जयपुर व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मानसून पूर्व मौसमी गतिविधियों में बढ़ोतरी होने और तापमान में दो से तीन डिग्री गिरावट होने का अनुमान है। विभाग ने बताया कि जोधपुर, बीकानेर संभाग में लू का दौर जारी रहने और दोपहर बाद कुछ इलाकों में बादल गरजने, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने व हल्की बारिश होने की संभावना है।
 
पंजाब, हरियाणा में भीषण गर्मी : मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के हिसार में 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 44 डिग्री, रोहतक में 43.1 डिग्री, नारनौल में 44.3 डिग्री और भिवानी में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
पंजाब में बठिंडा सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं फरीदकोट में अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अमृतसर में यह 43.6 डिग्री, लुधियाना में 43 डिग्री, पटियाला में 39.2 डिग्री, पठानकोट में 42.5 और गुरदासपुर में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
यूपी में ज्यादातर स्थानों पर गर्मी : उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को भी मौसम गर्म रहा और अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार, आगरा 45 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे गर्म स्थान रहा, इसके बाद झांसी में तापमान 44.9 डिग्री, बांदा में 44.6 और कानपुर में पारा 44.5 डिग्री सेल्सियस रहा। लखनऊ में अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी ने राज्य और पश्चिमी उप्र में कई स्थानों पर लू चलने की चेतावनी भी जारी की है, जिससे शनिवार को रातें गर्म रहेंगी।
 
दिल्ली में आंशिक राहत : राष्ट्रीय राजधानी में लगातार चार दिनों तक भीषण गर्मी रहने के बाद शुक्रवार को तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली की आधिकारिक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान गिरकर 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है, लेकिन बृहस्पतिवार के 43.9 डिग्री सेल्सियस से कम है।
 
शहर के अन्य मौसम केंद्रों ने भी महत्वपूर्ण गिरावट दर्ज की। रिज क्षेत्र में दिन के तापमान में 4.9 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गयी जबकि आयानगर, लोधी रोड और पालम में क्रमशः 3.6 डिग्री सेल्सियस, 3.7 डिग्री सेल्सियस और 3.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से चार डिग्री अधिक है। ताजा पूर्वानुमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, हल्की बारिश तथा 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। (एजेंसी/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

ईरान पर हमले के बीच बेंजामिन नेतन्‍याहू ने PM मोदी से की बात