Himanta Biswa Sarma : विपक्षी गठबंधन का नाम INDIA रखे जाने के बाद देश में इंडिया बनाम भारत की जंग तेज होती नजर आ रही है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने अपने ट्विटर बायो से इंडिया नाम हटा दिया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने रखा था इंडिया नाम।
 
									
			
			 
 			
 
 			
					
			        							
								
																	
									
										
								
																	
	उन्होंने ट्वीट कर कहा कि हमारा सभ्यतागत संघर्ष इंडिया और भारत के इर्द-गिर्द केंद्रित है। अंग्रेजों ने हमारे देश का नाम इंडिया रखा। हमें खुद को औपनिवेशिक विरासतों से मुक्त करने का प्रयास करना चाहिए। हमारे पूर्वज भारत के लिए लड़े और हम भारत के लिए काम करते रहेंगे।
 
									
											
									
			        							
								
																	
	 
	
	सरमा के पुराने ट्विटर बायो में लिखा गया था असम के मुख्यमंत्री इंडिया, लेकिन उनके नए ट्विटर बायो में असम के मुख्यमंत्री, भारत लिखा गया है।
 
									
											
								
								
								
								
								
								
										
			        							
								
																	
		 
		 
		इस पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट किया, 'क्या असम के मुख्यमंत्री को अंगूर खट्टे होने का अहसास हो रहा है? उनके नए गुरु मोदी जी ने हमें स्किल इंडिया, स्टार्ट-अप इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसे नाम दिए। उन्होंने विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों से 'टीम इंडिया' के रूप में मिलकर काम करने को कहा है। उन्होंने वोट फॉर इंडिया की अपील भी की!'
 
									
					
			        							
								
																	
		 
		जयराम रमेश ने ट्विटर पर एक वीडियो भी साझा किया जिसमें प्रधानमंत्री मोदी एक चुनावी जनसभा में वोट फॉर इंडिया की अपील करते सुने जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जब 26 राजनीतिक दल अपने गठबंधन को 'इंडिया' कहते हैं, तो वह नाराज़ हो जाते हैं और कहते हैं कि इंडिया का उपयोग 'औपनिवेशिक मानसिकता' को दर्शाता है! उन्हें जाकर अपने बॉस को यह बात बतानी चाहिए।
 
									
					
			        							
								
																	
									
			                     
							
							
			        							
								
																	
	बताया जा रहा है कि जदयू नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी गठबंधन का नाम इंडिया रखे जाने से नाराज है। 11 माह में पहली बार वे खामोश दिखाई दे रहे हैं। बेंगलुरु से भी वो लालू और तेजस्वी के साथ जल्द पटना लौट आए।
	 
 
									
			                     
							
							
			        							
								
																	
									
			                     
							
							
			        							
								
																	
	उल्लेखनीय है कि 26 विपक्षी दलों ने 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर गठबंधन के लिए इंडिया नाम चुनने की घोषणा की। इसके लिए जीतेगा भारत टैगलाइन को चुना है। इस टैगलाइन को संभवत: विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में भी अनुवाद करके इस्तेमाल किया जाएगा।
 
									
			                     
							
							
			        							
								
																	
	 
	एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि इसे टैगलाइन में इस्तेमाल करने का फैसला किया गया। कहा जा रहा है कि कई नेताओं के संयुक्त प्रयासों से यह टैगलाइन चुनी गई।
 
									
			                     
							
							
			        							
								
																	
	Written and Edited by : Nrapendra Gupta