Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

ज्योतिरादित्य सिंधिया भोपाल पहुंचकर 'भगवा रंग' में रंगे, ऐतिहासिक स्वागत

Advertiesment
हमें फॉलो करें ज्योतिरादित्य सिंधिया भोपाल पहुंचकर 'भगवा रंग' में रंगे, ऐतिहासिक स्वागत

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, गुरुवार, 12 मार्च 2020 (17:17 IST)
भोपाल। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद कांग्रेस के पूर्व कद्दावर नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया का मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचने पर ऐतिहासिक स्वागत हुआ। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे। खुद सिंधिया को भी भरोसा नहीं था कि उनका ऐसा स्वागत होगा।

सिंधिया एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक रोड शो के जरिए जाएंगे। उनके स्वागत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एयरपोर्ट पर 1 किलोमीटर तक कारों का काफिला नजर आ रहा है। एयरपोर्ट पर हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद हैं।
 
जिस तरह से सिंधिया का भोपाल में स्वागत हुआ है, वह कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के लिए एक तरह से चेतावनी है कि यदि कांग्रेसी नेताओं की उपेक्षा होती रही तो आने वाले समय में इसी तरह के नजारे देखने को मिलते रहेंगे।

एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिंधिया का फूलमाला और ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया। खुद सिंधिया भी इस स्वागत से हैरान है। उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि भाजपा में शामिल होने के बाद कार्यकर्ता उन्हें इतना प्यार देंगे। सड़कों के दोनों तरफ काफी देर से लोग फूल मालाएं लेकर स्वागत करने को बेताब हैं। 
 
भोपाल भाजपा कार्यालय में भी हजारों की संख्या में कार्यकर्ता सिंधिया के आने का इंतजार कर रहे हैं। यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद हैं।

ज्योतिरादित्य पर राहुल गांधी की चुप्पी टूटी : कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया के बहुत बड़े फैसले पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि सिंधिया संघ के साथ चले गए।
 
राहुल ने कहा सिंधिया ने विचारधारा को जेब में रख दिया। यह विचारधाराओं की लड़ाई है। सिंधिया को इसका अहसास बाद में होगा कि उन्होंने क्या किया? उनको अपने भविष्य का डर था। मैं सिंधिया की विचारधारा को जानता हूं। उनके दिल में कुछ और है।  

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

जोर्डन से लौट रहे मुक्केबाजों को घर में पृथक रहने को कहा जाएगा : बीएफआई