Publish Date: Wed, 22 Apr 2026 (09:37 IST)
Updated Date: Wed, 22 Apr 2026 (09:54 IST)
Kedarnath News : केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह 8 बजे पूर्ण विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खुल गए। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने केदारनाथ के कपाट खुलने के अवसर पर बाबा केदार के दर्शन-पूजन किए।
मंदिर के कपाट खुलते ही सर्वप्रथम भगवान की पंचमुखी डोली को गर्भगृह में प्रवेश कराया गया और सभी धार्मिक औपचारिकताओं के पश्चात भगवान केदारनाथ विधिवत विराजमान हुए। केदारनाथ धाम को कई क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। कपाट खुलते समय हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की गई। हजारों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने और पूरा धाम बाबा केदार के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने इस पावन अवसर पर आप सभी का देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा में हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि बाबा केदार की कृपा से सभी यात्रियों की यात्रा मंगलमय एवं सुखद हो, यही कामना है।
केदारनाथ धाम यात्रा के लिए अब तक 7 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, विद्युत, सड़क और पैदल मार्गों का सुधारीकरण, बर्फ हटाने का काम आदि व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। धाम में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने फैसला किया है कि मंदिर परिसर में मोबाइल के इस्तेमाल की इजाजत नहीं होगी। मंदिर प्रशासन ने यह भी कहा है कि अगर कोई शख्स ऐसा करता पाया जाएगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें