Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

Weather Updates: दिल्ली में उमसभरी गर्मी, बिहार बाढ़ से बेहाल, जानें अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम

हमें फॉलो करें Weather Updates: दिल्ली में उमसभरी गर्मी, बिहार बाढ़ से बेहाल, जानें अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, सोमवार, 30 सितम्बर 2024 (08:32 IST)
  • सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहेगा
  • महाराष्ट्र में अक्टूबर के पहले सप्ताह में बारिश की संभावना
  • राजस्थान, झारखंड, यूपी और बिहार में हल्की बारिश की संभावना
Weather Updates: मानसून (Monsoon) अब विदाई की ओर अग्रसर है। लेकिन वो जाते-जाते कई राज्यों में जमकर बरस भी रहा है। बिहार (Bihar) बाढ़ से बेहाल और अन्य राज्यों में मानसून अपने तेवर दिखाते चले जा रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) वालों को एक बार फिर उमसभरी गर्मी सताने वाली है।

बिहार में बाढ़ की स्थिति चिंताजनक : बिहार में रविवार को भी बाढ़ की स्थिति चिंताजनक बनी रही। कई स्थानों पर नदियों के तटबंध टूट गए हैं और वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में बाढ़ का पानी घुस गया है जिसका असर भारत-नेपाल सीमा से लगते जिलों पर सबसे अधिक पड़ा है।
 
सीतामढ़ी जिले के मधकौल गांव में बागमती नदी के तटबंध में रविवार को जहां दरार की खबर आई, वहीं पश्चिमी चंपारण में गंडक नदी पर पानी के अत्यधिक दबाव के कारण बगहा-1 प्रखंड में नदी के बाएं किनारे पर स्थित तटबंध शाम 4.50 बजे क्षतिग्रस्त हो गया जिससे बाढ़ का पानी पश्चिमी चंपारण जिले के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) में भी प्रवेश कर गया। इससे वहां के वन्यजीवों को खतरा उत्पन्न हो गया है।
 
राज्य जल संसाधन विभाग (डब्ल्यूआरडी) द्वारा रविवार को जारी ताजा बयान के अनुसार बागमती नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि और पानी के बढ़ते दबाव से सीतामढ़ी जिले के बेलसंड, परसौनी, बरगैनिया और रसलपुर प्रखंडों तथा शिवहर जिले के पिपराही, पुरनहिया और शिवहर प्रखंडों में बागमती नदी के बाएं और दाएं तटबंध पर कई जगह रिसाव की सूचना मिली जिन्हें तत्काल दुरुस्त किया गया।
 
बयान के अनुसार बिहार की अन्य नदियों में भी इस साल का अधिकतम जलस्तर दर्ज किया गया। कमला बलान नदी के झंझारपुर मापक स्थल पर जलस्तर 52.10 मीटर दर्ज किया गया है, जो खतरे के निशान से 2.10 मीटर अधिक है। ललबेकिया नदी के गोवाबाड़ी मापक स्थल पर जलस्तर 72.70 मीटर दर्ज किया गया है, जो खतरे के निशान से 1.55 मीटर अधिक है।
 
दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में आने वाले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहेगा। तापमान में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार सोमवार को यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और राजस्थान के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
 
दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम सामान्य हो गया है। आज सोमवार से दिन के तापमान में वृद्धि होगी। इसकी वजह से दोपहर के समय गर्मी का अहसास होगा। हालांकि हल्के बादल छाए रहेंगे। उधर आईएमडी के अनुसार यूपी-बिहार, राजस्थान, झारखंड में मानसून एक बार फिर से एक्टिव हो गया है जिसकी वजह से इन राज्यों में सोमवार को बारिश होने की संभावना है, वहीं उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू के पहाड़ी इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
webdunia

यूपी के कई जिलों में बाढ़ का खतरा : उत्तरप्रदेश में औसत से अधिक बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है जिससे कई जिलों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। राहत विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार सिद्धार्थ नगर, बदायूं, बलिया, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, गोंडा और कुशीनगर सहित जिलों में नदियां खतरे के निशान से ऊपर या उसके करीब बह रही हैं।  जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए राहत विभाग के साथ-साथ जिले में स्थानीय प्रशासन अलर्ट पर है।
 
इन राज्यों में हो सकती है भारी बारिश : असम और मेघालय में 2 और 3 अक्टूबर को भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है। दक्षिण के राज्य तमिलनाडु, केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और पडुचेरी में रविवार को भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर के राज्यों में अगले 7  दिनों तक बारिश का अनुमान है।
 
मुंबई में जनजीवन हुआ सामान्य : मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 2 से 4 अक्टूबर तक बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इन जगहों पर 30 सितंबर को भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, पश्चिमी उत्तरप्रदेश में हल्की बारिश की संभावना है। मुंबई में भारी बारिश के बाद अब आम जनजीवन दोबारा पटरी पर लौटा है। मौसम विभाग के अनुसार महाराष्ट्र के कई इलाकों में अक्टूबर के पहले सप्ताह में बारिश हो सकती है।(Photo courtesy: IMD)
Edited by: Ravindra Gupta

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Haryana Elections : राहुल और प्रियंका की पदयात्रा आज, अंबाला से शुरू होगा प्रचार अभियान, कई जिलों में करेंगे रोड शो