Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

Weather Updates: बिहार के 13 जिलों में flood alert, जानिए UP, MP समेत 6 राज्यों का हाल

हमें फॉलो करें Weather Updates: बिहार के 13 जिलों में flood alert, जानिए UP, MP समेत 6 राज्यों का हाल

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, शनिवार, 28 सितम्बर 2024 (09:23 IST)
Weather Update: विदा ले रहे मानसून (monsoon) ने यू टर्न ले लिया है और वह अनेक राज्यों को तरबतर कर रहा है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन (cyclonic circulation) की वजह से पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र और उसके आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि पिछले 24 घंटे में उत्तरप्रदेश, बिहार, सिक्किम, पश्चिम मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में भारी बारिश दर्ज की गई, वहीं दिल्ली के हवा में भी काफी सुधार हुआ है। एक्यूआई (AQI) लेवल 80 से नीचे पहुंच गया है यानी कि हवा की गुणवता में अप्रत्याशित रूप से सुधार देखी गई। पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र और उसके आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश दर्ज की गई। मुंबई, पुणे, पालघर और आसपास के इलाकों में जिलों में रेड अलर्ट जारी करना पड़ा।ALSO READ: राजस्थान के अनेक इलाकों में बारिश होने की संभावना, मौसम विभाग ने किया अलर्ट
 
महाकाल मंदिर में दीवार का एक हिस्सा ढहने से 2 लोगों की मौत : मध्यप्रदेश के उज्जैन में शुक्रवार शाम को भारी बारिश के कारण महाकाल मंदिर के सामने महाराजवाड़ा स्कूल भवन की दीवार का एक हिस्सा ढहने से 1 महिला समेत 2 लोगों की मौत हो गई। उज्जैन के जिलाधिकारी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि भारी बारिश के कारण महाराजवाड़ा स्कूल की दीवार का एक हिस्सा ढह गया जिसके नीचे 4 लोग दब गए।
 
उन्होंने बताया कि बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया और मलबे से निकालकर लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि घटना में 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 2 अन्य को इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया।ALSO READ: बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम, मध्यभारत में सक्रिय मानसून, कई राज्यों में मूसलधार बारिश
 
 
इंदौर से सुकूनभरी विदाई ले रहा मानसून, 2 दिन से लगातार 1-1 इंच बारिश : बंगाल की खाड़ी से आया सिस्टम इंदौर सहित आसपास के शहरों में सक्रिय है। इस वजह से शुक्रवार को रात के वक्त भी अच्छी बारिश हुई। अगस्त के अंत में जब एकसाथ 6 इंच बारिश हुई थी, तब पूरे शहर में एक जैसा पानी बरसा था। तकरीबन 30 दिन बाद ऐसा हुआ है, जब शुक्रवार को इतनी बारिश हुई। पिछले साल इस वक्त तक 42 इंच पानी बरस गया था।
 
सितंबर के 25 दिन लगभग सूखे बीतने के बाद अब मानसून की सुकूनभरी विदाई हो रही है। 2 दिन से लगातार करीब 1-1 इंच बारिश हो रही है। 30 दिन बाद ऐसा हुआ है, जब एकमुश्त इतना पानी गिरा है। सीजन के अभी 3 दिन और बाकी हैं। कुल बारिश अब 34.5 इंच हो चुकी है। औसत 38 इंच तक पहुंचने के लिए अभी भी 3.5 इंच पानी की और दरकार है। गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी अच्छा पानी बरसा। मौसम विभाग के अनुसार आगे भी और पानी गिरने की संभावना है।
 
यूपी के 30 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, अयोध्या में आज स्कूल बंद रहेंगे : विदा लेने से पहले मानसून यूपी में पूरी तरह से सक्रिय है। शुक्रवार को करीब-करीब पूरे यूपी में जमकर बारिश हुई। बारिश के साथ-साथ हवाएं भी चलीं। उत्तरप्रदेश में मानसून के यू टर्न के नतीजे में पिछले 24 घंटे में पूर्वी और तराई इलाके में गरज-चमक और तेज हवा के साथ भारी बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग ने यूपी के 30 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। अयोध्या में आज स्कूल बंद रहेंगे।
 
प्रदेश में तराई क्षेत्र के महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर व आसपास के इलाकों में शनिवार को अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के लगभग 30 जिलों के लिए गरज चमक व तेज हवा के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।ALSO READ: mumbai rain : भारी बारिश से बेहाल मुंबई, ट्रेन से लेकर फ्लाइट्‍स पर पड़ा असर, निचले इलाकों में जलभराव
 
मौसम वैज्ञानिक एम. दानिश के मुताबिक शनिवार को यूपी के तराई, पूर्वी और अवध क्षेत्र के साथ ही बुंदेलखंड के कुछ हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान प्रदेश में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार नमी युक्त पूर्वा हवाएं भी चलेंगी। पिछले 24 घंटे में तेज हवाओं संग हुई भारी बारिश के असर से प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। 29 सितंबर से मानसून के कमजोर पड़ने के संकेत हैं।
 
बिहार के 13 जिलों में भारी बारिश का अनुमान, अचानक बाढ़ की चेतावनी : पटना से मिले समाचारों के अनुसार भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को बिहार के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है और अगले 24 घंटों में राज्य के 13 जिलों में अचानक बाढ़ के खतरे की चेतावनी जारी की है। आईएमडी की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, पटना, जहानाबाद, मधुबनी और भोजपुर जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि इन जिलों में अगले 24 घंटों में अचानक बाढ़ आने का खतरा पैदा हो गया है। आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के मद्देनजर राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग (डीएमडी) ने इन 13 जिलों के प्रशासन को 'अलर्ट मोड' पर रहने और स्थिति को संभालने के लिए सभी निवारक उपाय करने को कहा है।ALSO READ: Weather Updates: देशभर के 8 राज्यों में बारिश का कहर, देरी से वापसी करेगा मानसून, मुंबई में 6 की मौत
 
 
पिछले 2-3 दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण राज्यभर में कई नदियों का जलस्तर बढ़ा है। बिहार जल संसाधन विभाग ने उफनती कोसी और गंडक नदियों में बाढ़ की चेतावनी जारी की है। विभाग ने इन नदियों से सटे जिलों को सतर्क रहने को कहा है।
 
सिक्किम में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन, पुल क्षतिग्रस्त : गंगटोक से मिले समाचारों के अनुसार सिक्किम में पिछले 3 दिनों से जारी भारी बारिश के कारण कई इलाकों में भूस्खलन हुआ और राज्य के उत्तरी हिस्से का प्रवेश द्वार माने जाने वाले पुराने 'रंग-रंग' पुल को भी काफी नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
 
अधिकारियों ने बताया कि पुल के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण मंगन जिला मुख्यालय का संपर्क राज्य के बाकी हिस्सों से कट गया है। संखलांग पुल के पिछले साल क्षतिग्रस्त होने के कारण जोंगू से होकर जाने वाला वैकल्पिक मार्ग भी अवरुद्ध हो गया था।
 
जिला प्रशासन सड़क संपर्क जल्द से जल्द बहाल करने के लिए काम कर रहा है और बारिश के कारण हुए नुकसान का आकलन कर रहा है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सिक्किम में अगले 2 दिन के लिए 'रेड अलर्ट' जारी कर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
 
स्काईमेट वेदर (Skymet Weather) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा फिरोजपुर, सिरसा, चूरू, अजमेर, माउंट आबू, डीसा, सुरेंद्र नगर, जूनागढ़, अक्षांश 21 डिग्री उत्तर और देशांतर 70 डिग्री पूर्व से होकर गुजर रही है। उत्तर-मध्य महाराष्ट्र और आसपास के क्षेत्रों पर चक्रवाती परिसंचरण मुख्य समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है।
 
उत्तर मध्य महाराष्ट्र और आसपास के क्षेत्रों पर चक्रवाती परिसंचरण से विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल होते हुए उत्तरी बांग्लादेश तक औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ गर्त बना हुआ है। चक्रवाती परिसंचरण पूर्वोत्तर असम पर है।
 
पिछले 24 घंटों की मौसमी हलचल : पिछले 24 घंटों के दौरान उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। दक्षिण गुजरात और उत्तरी कोंकण और गोवा में मध्यम से भारी बारिश हुई। तटीय ओडिशा, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदान, आंध्रप्रदेश के उत्तरी छोर, विदर्भ, दक्षिण मध्यप्रदेश, असम के कुछ हिस्सों, अरुणाचल प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी उत्तरप्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई।
 
उत्तर-पूर्वी भारत, बिहार, झारखंड, ओडिशा, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, तटीय कर्नाटक, तटीय आंध्रप्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हुई। राजस्थान, उत्तरी मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (Skymet Weather) के अनुसार आज शनिवार, 28 सितंबर को पश्चिम बंगाल, बिहार, विदर्भ, दक्षिण मध्यप्रदेश, उत्तरी कोंकण और गोवा और दक्षिण गुजरात में उप हिमालय के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश संभव है।
 
झारखंड, ओडिशा, तटीय आंध्रप्रदेश, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदान में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिमी उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचलप्रदेश, पूर्वी राजस्थान, कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हरियाणा, पंजाब, मराठवाड़ा, आंतरिक कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की बारिश संभव है।(Photo courtesy: IMD)
 
Edited by: Ravindra Gupta

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

दिल्ली में एक परिवार के 5 लोगों ने एक साथ की आत्महत्या, मृतकों में 4 दिव्यांग