Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

96 साल के हुए लालकृष्ण आडवाणी, मोदी, शाह व अन्य भाजपा नेताओं ने दी बधाई

हमें फॉलो करें Lal Krishna Advani
नई दिल्ली , बुधवार, 8 नवंबर 2023 (20:18 IST)
Lal Krishna Advani's Birthday : पूर्व उपप्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष लालकृष्ण आडवाणी बुधवार को 96 साल के हो गए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई वरिष्ठ नेताओं ने आडवाणी को बधाई देते हुए कहा कि वह ईमानदारी और प्रतिबद्धता के प्रतीक हैं तथा उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने राष्ट्रीय प्रगति और एकता में अहम योगदान दिया है।
 
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की बधाई। वह ईमानदारी और प्रतिबद्धता के प्रतीक हैं जिन्होंने महान योगदान दिया जिससे हमारे देश को मजबूती मिली। उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने राष्ट्रीय प्रगति और एकता को आगे बढ़ाया है। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं। मोदी ने कहा कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में उनके प्रयास 140 करोड़ भारतीयों को प्रेरित करते रहेंगे।
 
गृहमंत्री अमित शाह ने उनकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा, आडवाणी जी ने अपने अथक परिश्रम और संगठन कौशल से पार्टी को सींचा और कार्यकर्ताओं को गढ़ा। भाजपा की स्थापना से लेकर सत्ता तक आने में उनका अतुलनीय योगदान हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का अक्षुण्ण स्रोत है। पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने आडवाणी से उनके आवास पर मुलाकात की और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
 
केंद्रीय मंत्री और पूर्व भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने भी आडवाणी को उनके जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, हमारे प्रेरणास्रोत श्रद्धेय लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आप स्वस्थ और दीर्घायु रहें, ईश्वर से यही कामना करता हूं।
 
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं हम सबके प्रेरणास्रोत, लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। भारतीय राजनीति के वे एक प्रमुख स्तंभ रहे हैं और भाजपा संगठन को भी उन्होंने बहुत मज़बूती प्रदान की है।
 
उन्होंने कहा, सार्वजनिक जीवन में लंबे समय तक सक्रिय रहे आडवाणीजी का योगदान अप्रतिम है। मैं ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घजीवी होने की कामना करता हूं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आडवाणी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्र और संगठन के प्रति उनका समर्पण सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है। केंद्रीय मंत्रियों एस जयशंकर, निर्मला सीतारमण और भूपेन्द्र यादव तथा अन्य भाजपा नेताओं ने भी आडवाणी को जन्मदिन की बधाई दी।
 
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता प्रफुल्ल पटेल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, प्रख्यात राजनेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री श्री लाल कृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण और सेवा को गहराई से स्वीकार किया जाता है और सराहना की जाती है।
 
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने आडवाणी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि भाजपा के विकास में उनकी भूमिका और राष्ट्र के प्रति उनकी नि:स्वार्थ सेवा अद्वितीय है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

ATS को बड़ी सफलता, छत्तीसगढ़ और झारखंड से ISIS के 3 आतंकी गिरफ्तार