Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

विपक्ष के हंगामे पर नाराज़ हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, बोले- आप प्रश्नकाल चलने देते तो मैं शून्यकाल चलाता

Advertiesment
हमें फॉलो करें Om Birla

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली , गुरुवार, 13 फ़रवरी 2025 (17:21 IST)
Lok Sabha Speaker Om Birla News : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बृहस्पतिवार को प्रश्नकाल की कार्यवाही बाधित होने पर विपक्षी सदस्यों से नाखुशी जताते हुए कहा कि जब प्रश्नकाल नहीं चलने दिया गया तो उन्होंने तय किया कि आज शून्यकाल भी नहीं चलेगा। अध्यक्ष बिरला ने कहा, अगर आप (विपक्ष) प्रश्नकाल चलने देते तो मैं शून्यकाल चलाता। जब आपने प्रश्नकाल नहीं चलने दिया तो मैंने कहा कि शून्यकाल भी नहीं चलेगा। अडाणी समूह से संबंधित एक खबर को लेकर कांग्रेस समेत विभिन्न विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण बृहस्पतिवार को सदन की कार्यवाही आरंभ होने के लगभग 5 मिनट बाद अपराह्न 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
 
सदन में 11 बजे से 12 बजे तक प्रश्नकाल की कार्यवाही संचालित होती है और सदस्य विभिन्न मंत्रियों से उनके मंत्रालयों से संबंधित पूरक प्रश्न पूछते हैं। सदन की कार्यवाही दो बजे पुन: शुरू हुई तो विपक्ष के कुछ सदस्यों ने शून्यकाल चलाने की मांग की, जिस पर अध्यक्ष बिरला ने कहा, अगर आप (विपक्ष) प्रश्नकाल चलने देते तो मैं शून्यकाल चलाता। जब आपने प्रश्नकाल नहीं चलने दिया तो मैंने कहा कि शून्यकाल भी नहीं चलेगा।
शून्यकाल में सदस्य विभिन्न लोक महत्व के मुद्दे उठाते हैं और अपने क्षेत्र की समस्याओं को सदन में उठाकर सरकार से उचित कार्रवाई का अनुरोध करते हैं। इससे पहले बिरला ने प्रश्नकाल में विपक्षी सदस्यों से नारेबाजी बंद करने और कार्यवाही चलने देने की अपील की।
 
उन्होंने कहा, आप प्रश्नकाल के दौरान नियोजित तरीके से गतिरोध करते हैं, यह अच्छी परंपरा नहीं है। आप (कांग्रेस) ने इतने साल शासन किया है, आप सदन में व्यवधान पैदा करना करते हैं। बिरला का कहना था, मैंने कहा है कि दोपहर 12 बजे विषय को रखने देंगे, लेकिन आप चर्चा नहीं चाहते। आप महत्वपूर्ण विषयों को सदन में नहीं लाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, प्रश्नकाल में सरकार की जवाबदेही तय होती है। यह सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। आप सदस्यों का अधिकार छीनना चाहते हैं। हंगामा नहीं थमने पर बिरला ने सदन की कार्यवाही पूर्वाह्न करीब 11 बजकर पांच मिनट पर अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

विपक्षी सदस्यों ने जिस खबर को लेकर हंगामा किया, उसमें दावा किया गया है कि सरकार ने गुजरात में अडाणी समूह के नवीकरणीय ऊर्जा पार्क के लिए मार्ग प्रशस्त करने के मकसद से पाकिस्तान सीमा पर राष्ट्रीय सुरक्षा प्रोटोकॉल में ढील दी है।
कांग्रेस का आरोप है कि सरकार ने इस कारोबारी समूह को फायदा पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाला है। अडाणी समूह की ओर से इस आरोप पर फिलहाल प्रतिक्रिया नहीं आई है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

कितना खतरनाक है Guillain Barre Syndrome, क्‍यों फैल रहा महाराष्‍ट्र में, अब तक 8 मौतें, क्‍या कहते हैं डॉक्‍टर्स?