Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

कांग्रेस ने जीता मप्र विधानसभा उपचुनाव, कब्जा रखा बरकरार

हमें फॉलो करें कांग्रेस ने जीता मप्र विधानसभा उपचुनाव, कब्जा रखा बरकरार
भोपाल , बुधवार, 28 फ़रवरी 2018 (22:35 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुंगावली और कोलारस विधानसभा उपचुनाव में विपक्षी कांग्रेस ने कड़े मुकाबले में बुधवार को जीत हासिल की और दोनों सीटों पर अपना कब्जा बरकरार रखा। निर्वाचन अधिकारी ने यहां बताया कि मुंगावली से कांग्रेस उम्मीदवार बृजेन्द्रसिंह यादव ने भाजपा की प्रत्याशी बाई साहब यादव को 2124 मतों के अंतर से पराजित किया।

कांग्रेस उम्मीदवार बृजेन्द्र सिंह यादव को कुल 70,808 वोट मिले जबकि भाजपा की उम्मीदवार बाई साहब यादव को 68,684 मत मिले। वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने यह सीट 20,765 मतों के अंतर से जीती थी। दूसरी ओर कोलारस से कांग्रेस उम्मीदवार महेन्द्रसिंह यादव ने भाजपा के उम्मीदवार देवेन्द्र जैन को 8086 मतों के अंतर से हराया।


कांग्रेस उम्मीदवार महेन्द्र सिंह यादव को कुल 82,523 मत मिले, जबकि भाजपा के देवेन्द्र जैन को कुल 74,437 मत हासिल किए। वर्ष 2013 के विधानसभा के आम चुनाव में कांग्रेस ने यह सीट 24,953 मतों के बड़े अंतर से यह सीट जीती थी। दोनों विधानसभा क्षेत्रों पर 24 फरवरी को मतदान हुआ था।


मुंगावली में कांग्रेस के विधायक महेन्द्रसिंह कालूखेड़ा और कोलारस में कांग्रेस के विधायक रामसिंह यादव के निधन के कारण उपचुनाव कराए गए हैं।

प्रदेश के शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा क्षेत्र और अशोकनगर जिले की मुंगावली विधानसभा क्षेत्र के इन उपचुनावों के परिणाम को बड़ी ही संजीदगी से देखा जा रहा है, क्योंकि इस साल के अंत में प्रदेश में विधानसभा के आम चुनाव होने हैं। 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुंगावली और कोलारस विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर ट्वीट में कहा कि मुंगावली और कोलारस की जीत सत्य की जीत है। धनबल के ऊपर जनबल की जीत है। आपके विश्वास की जीत है। अन्नदाताओं की जीत है।


सबसे ऊपर ये जीत मेरी आन, बान और शान मेरी प्यारी जनता की जीत है। मेरे कंधे से कंधा मिलाकर चले कांग्रेस के जांबाज़ सिपाहियों, मेरे कार्यकर्ताओं की जीत है। उन्होंने कहा कि सभी का दिल की गहराइयों से धन्यवाद। सभी को इस विजय पर बधाई। आगे भी सदैव आपके साथ, आपके विश्वास को कायम रखूंगा मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा के आम चुनावों में 200 सीटों जीतने का दावा करने वाली भाजपा उपचुनाव में दो सीटें भी जीत नहीं सकी है।

इस उपचुनाव को जीतने के लिये मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान सहित पूरे मंत्रिमंडल ने ताकत झौंक दी और सत्ता का दुरुपयोग किया, लेकिन परिणामों से पता चलता है कि मुख्यमंत्री शिवराज जनता का विश्वास खो चुके हैं, बेहतर होगा कि वे इन नतीजों के बाद अपना पद छोड़ दें।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा कि ये दोनों सीटें कांग्रेस की है, लेकिन दोनों सीटों पर भाजपा को मिले मतों का प्रतिशत में इजाफा हुआ है। मुंगावली में कांग्रेस की जीत का अंतर घटकर इस दफा 2000 वोटों पर आ गया है। इस वर्ष के अंत में होने वाले चुनाव में ये दोनों सीटें भी जीतकर भाजपा फिर से लगातार चौथी दफा प्रदेश में सरकार बनाएगी। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

श्रीदेवी का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार