Publish Date: Wed, 28 Feb 2018 (21:35 IST)
Updated Date: Wed, 28 Feb 2018 (21:41 IST)
मुंबई। अपनी चुलबुली और शोख अदाओं से हर किरदार में जान फूंक देने वाली श्रीदेवी का आज विले पार्ले सेवा समाज श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। श्रीदेवी को सफेद रंग बहुत पसंद था इसलिए सफेद फूलों से सजे खुले वाहन पर उनकी अंतिम यात्रा निकली। इस दौरान लाखों नम आंखों ने उन्हें बिदाई दी।
परिवार से करीबी रखने वाले सूत्रों कहा कि श्रीदेवी का अंतिम संस्कार उनके फिल्मकार पति बोनी कपूर ने किया। इस दंपति की बेटियां जाह्नवी और खुशी बोनी कपूर के साथ थीं।
लाल जोड़े में सजी श्रीदेवी का चेहरा भले निस्तेज था, लेकिन उनकी खूबसूरती में कहीं कोई कमी नहीं आई थी और लगता था कि किसी फिल्मी दृश्य की तरह वह अचानक से उठ खड़ी होंगी और आंखें मटकाते हुए वही निश्छल हंसी हंस देंगी। शनिवार को दुबई में श्रीदेवी की असामयिक मृत्यु की खबर से देशभर में लोग सन्न थे।