Publish Date: Sat, 09 Jun 2018 (09:51 IST)
Updated Date: Sat, 09 Jun 2018 (10:11 IST)
नई दिल्ली। महराष्ट्र, गोवा, उत्तरप्रदेश, केरल और कर्नाटक समेत 12 राज्यों में आज बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट है। दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश में तूफान, गरज चमक के साथ बारिश का अनुमान है। वहीं, बिहार, झारखंड में आंधी-तूफान आने की चेतावनी जारी की गई है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की ओर से जारी एक बयान में बताया गया है कि अगले 24 घंटों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर और मुंबई सहित महाराष्ट्र में आगे बढ़ने के लिए मौजूदा स्थिति उपयुक्त है।
बयान में कहा गया है कि तटीय राज्य कर्नाटक, गोवा और दक्षिण महाराष्ट्र में 10 जून तक बारिश की गतिविधि बढ़ने की संभावना है। इसके मुंबई समेत उत्तर तटीय महाराष्ट्र में शनिवार से पहुंचने की प्रबल संभावना है। बयान में बताया गया है कि इन क्षेत्रों के दूरदराज इलाके में इस दौरान बेहद भारी बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में 12 जून से बारिश में कमी आने की संभावना है।
उधर, मुंबई में रुक-रूककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 9, 10 और 11 जून के बीच भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए बृहन्मुंबई महानगर पालिका ने अपने कई विभागों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं।
कहा जा रहा है कि इन तीन दिनों में मुंबई में भारी बारिश सभी रिकॉर्ड तोड़ सकती है। बारिश से मुंबई में कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई।
मौसम विभाग का कहना है कि कोंकण और गोवा के ऊपर चक्रवात बनता दिख रहा है, जो महाराष्ट्र के तटों पर पहुंचेगा। इसके अलावा 10-11 जून को सूरत और वलसाड में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा केरल, तटीय कर्नाटक में भी यह चक्रवात भारी बारिश का कारण बन सकता है।
उधर, बंगाल की खाड़ी में भी कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसकी वजह से 8 से 11 जून तक उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, बिहार में जमकर बारिश हो सकती है।