Publish Date: Thu, 07 Jun 2018 (13:51 IST)
Updated Date: Thu, 07 Jun 2018 (18:09 IST)
नई दिल्ली। पिछले दिनों उत्तर प्रदेश, राजस्थान और देश के कुछ अन्य हिस्सों में हुई तूफानी बारिश से काफी जन-धन की हानि हुई थी। अब मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि मानसून की दस्तक से पहले देशभर में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है।
मानसून की दस्तक के पूर्व मौसम विज्ञान विभाग दिल्ली ने पूरे देश में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक मध्यप्रदेश सहित देश के अधिकांश राज्यों में 4, 5 दिनों तक इस तरह की स्थितियां बन सकती हैं।
मुंबई पहुंचा मानसून : मानसून ने मुंबई में दस्तक दे दी है। महानगर में बुधवार रात से ही बादल की गरज से साथ हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 जून को तेज हवा के साथ भारी बारिश हो सकती है। कोंकण इलाक़े में लगातार बारिश हो सकती है। पूर्वानुमान के अनुसार रत्नागिरि और सिंधुदुर्ग जिलों में 7 और 8 जून को भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली में लोग गर्मी से परेशान : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोगों को गुरुवार को भी गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने शाम के बाद रात में भी आकाश में बादल छाये रहने का अनुमान जताया है।
राजधानी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 58 प्रतिशत रहा। बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से चार डिग्री कम है। (वेबदुनिया/एजेंसियां)
webdunia
Publish Date: Thu, 07 Jun 2018 (13:51 IST)
Updated Date: Thu, 07 Jun 2018 (18:09 IST)