Publish Date: Thu, 18 Feb 2021 (12:33 IST)
Updated Date: Thu, 18 Feb 2021 (12:38 IST)
नई दिल्ली। केरल विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के लिए अच्छी खबर है। दरअसल, मेट्रो मैन ई. श्रीधरन इसी महीने भाजपा में शामिल होने वाले हैं।
जानकारी के मुताबिक श्रीधरन केरल में भाजपा की विजय यात्रा के दौरान 21 फरवरी को भगवा पार्टी का दामन थामेंगे। इस यात्रा का नेतृत्व केरल भाजपा के अध्यक्ष के. सुरेन्द्र करेंगे।
कौन हैं मेट्रोमैन श्रीधरन : भारत के 'मेट्रो मैन' के रूप में मशहूर श्रीधरन का जन्म केरल के पलक्कड़ जिले में 12 जून 1932 को हुआ था। वे प्रख्यात सिविल इंजीनियर हैं। वे 1995 से 2012 तक दिल्ली मेट्रो के निदेशक रहे हैं। 2001 में उन्हें पद्मश्री तथा 2008 में पद्म विभूषण से नवाजा गया। भारत की पहली मेट्रो सेवा कोलकाता मेट्रो की योजना भी उन्हीं की देन है। दिल्ली मेट्रो का काम भी उन्होंने बहुत कम समय में पूरा कर दिखाया था।
श्रीधरन के नाम और बड़ी उपलब्धि दर्ज है। 1963 में रामेश्वरम और तमिलनाडु को आपस में जोड़ने वाला पम्बन पुल टूट गया था। रेलवे ने उसके पुननिर्माण के लिए छह महीन का लक्ष्य तय किया, लेकिन उस क्षेत्र के इंजार्च (श्रीधरन) ने मात्र 45 दिन में यह काम कर दिखाया।