Publish Date: Wed, 12 Oct 2022 (15:32 IST)
Updated Date: Wed, 12 Oct 2022 (15:38 IST)
नई दिल्ली। भारतीय नौसेना का मिग-29के विमान बुधवार सुबह तकनीकी खराबी के बाद गोवा तट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। नौसेना ने कहा कि पायलट विमान से सुरक्षित बाहर निकल गया। नौसेना मुख्यालय ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
नौसेना ने एक बयान में कहा कि मिग-29के विमान गोवा में समुद्र के ऊपर नियमित उड़ान पर था और नौसैनिक अड्डे पर लौटते समय उसमें तकनीकी खराबी आ गई। पायलट सुरक्षित बाहर निकल गया और तत्काल खोज एवं बचाव कार्य शुरू कर उसका पता लगा लिया गया। पायलट की हालत स्थिर है। घटना की वजह पता लगाने के लिए एक जांच बोर्ड का गठन किया गया है।
मिग-29के रूसी अंतरिक्ष विमानन कंपनी मिकोयान (मिग) द्वारा विकसित एक लड़ाकू विमान है। भारतीय नौसेना ने एक दशक पहले लगभग दो अरब अमेरिकी डॉलर में रूस से 45 मिग -29के विमान खरीदे थे।