Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

अगले 48 घंटों में केरल में दस्तक दे देगा मानसून, मध्यप्रदेश में प्रचंड गर्मी

हमें फॉलो करें अगले 48 घंटों में केरल में दस्तक दे देगा मानसून, मध्यप्रदेश में प्रचंड गर्मी
, गुरुवार, 6 जून 2019 (20:14 IST)
नई दिल्ली। दक्षिण पश्चिम मानसून के अगले 48 घंटे के दौरान केरल पहुंचने के आसार हैं। मौसम विभाग केंद्र ने यहां गुरुवार को जारी विज्ञप्ति में कहा कि केरल और कर्नाटक तट के पास दक्षिण पूर्व एवं पूर्व मध्य अरब सागर से सटे इलाकों में 9 जून के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके बाद मानसून के उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने और धीरे-धीरे तेज होने का अनुमान है। मध्यप्रदेश प्रचंड गर्मी से झुलस रहा है। होशंगाबाद और नौगांवा में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मध्यप्रदेश के कई शहरों में जमकर लू चल रही है। उत्तरप्रदेश में भी तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।
 
मानसून के धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ने के आसार हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र तट से केरल तट तक 8 जून के आसपास गहरे दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान है।
 
केरल में 7 और 8 जून को अलग-अलग स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज आंधी और बिजली चमकने का अनुमान है। लक्षद्वीप में भी 6 और 7 जून को ऐसी ही स्थिति रहने के आसार हैं।
 
इडुक्की और पथानमथिट्टा जिलों में गुरुवार शाम 30-40 किमी प्रतिघंटे की गति के साथ तेज़ हवाओं के साथ आंधी चलने और बारिश हो सकती है।

दिल्ली में प्रचंड गर्मी से लोग बेहाल : दिल्ली में लू का कहर लगातार जारी है। गुरुवार को शहर के कुछ हिस्सों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के स्तर को छू गया। पूरा शहर भयंकर गर्मी की चपेट में है।
 
मई के अंतिम हफ्ते में दिल्ली में गर्मी बढ़ने के साथ ही लू चलना शुरू हो गया था। हालांकि एक जून से उत्तर पश्चिम भारत में पूर्व और दक्षिण-पूर्व की ओर से आ रही हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट आई है।
 
निजी मौसम विज्ञान एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार हालांकि, इस क्षेत्र में लगातार शुष्क मौसम के कारण पिछले दो-तीन दिनों से पारा फिर से बढ़ रहा है। 
 
सफदरजंग वेधशाला ने उच्चतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। आर्द्रता का स्तर 19 से 66 प्रतिशत के बीच रहा।
 
पालम, दिल्ली रिज और आयानगर के मौसम स्टेशनों पर अधिकतम तापमान क्रमशः 45.3, 45.2 और 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
गुजरात में कहर बरपा रही है गर्मी : गुजरात में गुरुवार को पांच शहरों का तापमान 43 डिग्री तक पहुंचा। मौसम विभाग के अनुसार कंडला हवाई अड्डा और सुरेन्द्रनगर 43.8, अहमदाबाद 43.4, गांधीनगर और अमरेली 43.0, डीसा 42.6,  राजकोट 42.5, भुज 42.2, वल्लभ विद्यानगर 41.1, भावनगर 40.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहे।
 
राज्य में कई स्थानों पर आज भी उत्तर पश्चिमी हवा चलती रही। गर्मी के कारण दिनभर लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। दिन के दौरान लोगों ने बाजार में निकलना भी कम कर दिया है।
 
हरियाणा और पंजाब में भी लू में नहीं आई कोई कमी : पंजाब और हरियाणा के अधिकतर भागों में गुरुवार को भी लू में कोई कमी नहीं आई। हरियाणा के नारनौल में चिलचिलाती गर्मी बनी रही और पारा 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। हिसार में भी गुरुवार को गर्म दिन रहा और पारा 43.5 डिग्री तक चला गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। भिवानी में पारा 43.9 तक पहुंचा। करनाल में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

फ्रेंच ओपन में 17 साल की अमांडा ने चैंपियन हालेप को किया बाहर