Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

शादी का झांसा देकर 100 से ज्यादा महिलाओं को ठगा, खुद को अमीर बताकर उधार मांगता था पैसे

हमें फॉलो करें marrige
, शुक्रवार, 13 मई 2022 (20:10 IST)
नई दिल्ली। देश भर की 100 से अधिक महिलाओं को शादी का झांसा देकर उनसे लाखों रुपए की ठगी करने के आरोप में 35 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एम्स की एक डॉक्टर की शिकायत पर इस व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 
 
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान फरहान तासीर खान के रूप में की गई है। ओडिशा के क्योंझर जिले के रहने वाले फरहान को मार्च में यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में कार्यरत एक महिला डॉक्टर की शिकायत के आधार पर राजधानी दिल्ली के पहाड़गंज से गिरफ्तार किया गया।
 
शिकायत में डॉक्टर ने आरोप लगाया कि वह खान से एक वैवाहिक साइट पर मिलीं, जहां आरोपी ने खुद को अविवाहित और अनाथ बताया। उसने महिला डॉ. को बताया कि उसने इंजीनियरिंग और एमबीए की पढ़ाई की है और वह व्यवसाय चला रहा है।
 
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि शादी करने के बहाने और अपने व्यवसाय के विस्तार के लिए पैसे की जरूरत बताते हुए खान ने कथित तौर पर डॉक्टर से 15 लाख रुपए उधार लिए। 
 
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) बनिता मेरी जैकर ने बताया कि जांच के दौरान, पुलिस को पता चल कि खान ने वैवाहिक पोर्टल पर कई आईडी बनाए हुए थे, जिनके माध्यम से उसने उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, गुजरात, दिल्ली, पंजाब, मुंबई, ओडिशा और कर्नाटक सहित अन्य राज्यों की कई महिलाओं से दोस्ती की थी। जैकर ने बताया कि उसका कोलकाता से पीछा किया गया और आखिरकार बृहस्पतिवार को पहाड़गंज के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया।
 
पुलिस अधिकारी ने बताया कि खान वीवीआईपी पंजीकरण नंबर वाली कार से चलता था और महिलाओं को प्रभावित करने के लिए कहता था कि यह कार उसकी अपनी है। वास्तव में, यह कार उसके एक रिश्तेदार की है।
 
उन्होंने बताया कि वह एक शहर से दूसरे शहर की यात्रा करता था और पीड़ितों के साथ वीडियो कॉल पर संवाद किया करता था, ताकि वह यह दिखा सके कि वह अमीर है। डीसीपी ने कहा कि उसने महिलाओं से कहा था कि वह सालाना करीब 30 से 40 लाख रुपए कमाता है।
 
अधिकारी ने बताया कि दरअसल खान शादीशुदा है और उसकी तीन साल की एक बेटी है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा उसके पिता और एक बहन है। उन्होंने बताया कि उसने महिलाओं से कहा था कि उसके माता-पिता की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। पुलिस ने बताया कि उसके पास से एक मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड, कार, 9 एटीएम कार्ड और एक कलाई घड़ी बरामद हुई है। (भाषा)
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

कश्मीरी पंडित की हत्या के बाद बोले राउत, केंद्र सरकार उठाए कठोर कदम