BJP state president election: भाजपा एक-दो दिन में चार राज्यों- उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भाजपा अध्यक्ष के नाम की घोषणा की घोषणा कर सकती है। इन सभी राज्यों में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उल्लेखनीय है कि राज्य में भाजपा अध्यक्षों के चुनाव के बाद ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम का ऐलान होगा। वर्तमान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा एक्सटेंशन पर चल रहे हैं।
उत्तराखंड में फिर महेन्द्र भट्ट : जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड में महेन्द्र भट्ट एक बार फिर से उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष हो सकते हैं। राज्य में अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ उन्होंने ही नामांकन दाखिल किया है। भट्ट 29 जुलाई 2022 से उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं। वे 2017-2022 तक चमोली जिले के बद्रीनाथ निर्वाचन क्षेत्र से उत्तराखंड विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं। इससे पहले वे 2002 से 2007 तक नंदप्रयाग से भी विधायक रहे हैं। 2024 में वे राज्यसभा के लिए भी चुने गए। भट्ट ब्राह्मण समुदाय से आते हैं।
हिमाचल में बिंदल की दूसरी पारी : इसी तरह एक अन्य पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी राजीव बिंदल एक बार फिर भाजपा अध्यक्ष बन सकते हैं। बिंदल पेशे से एक डॉक्टर हैं और 1995 में उन्होंने सोलन नगर परिषद का चुनाव लड़कर राजनीति में कदम रखा था। वह सोलन से तीन बार (2000, 2003, 2007) विधानसभा के सदस्य चुने गए। वे 2007 से 2012 तक धूमल सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे। उन्होंने सिरमौर जिले के नाहन से चुनाव लड़ा और दो बार (2012, 2017) विधायक चुने गए।
तेलंगाना में रामचंद्र राव : तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष के लिए रामचंद्र राव का नाम लगभग तय है। उन्होंने इस पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। उनके अलावा किसी और ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया है। रामचंद्र राव ब्राह्मण समुदाय से आते हैं और आरएसएस के पुराने स्वयंसेवक रहे हैं। पेशे से वकील राव ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में भी छात्र नेता के तौर पर काम किया है। वर्तमान में तेलंगाना में जी. किशन रेड्डी यह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
आंध्रप्रदेश में ओबीसी : भाजपा आंध्रप्रदेश में पीवीएन माधव को अपना प्रदेश अध्यक्ष बना सकती है। ओबीसी से आने वाले माधव का नाम भी अध्यक्ष पद के लिए तय माना जा रहा है। वह 2017 में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से आंध्र प्रदेश विधान परिषद (MLC) के लिए चुने गए थे। उन्होंने विधान परिषद में भाजपा के फ्लोर लीडर के रूप में भी काम किया। उनका एमएलसी के रूप में कार्यकाल 29 मार्च 2025 को समाप्त हो गया। वह आंध्र प्रदेश भाजपा के एक सक्रिय सदस्य हैं और पार्टी के विभिन्न संगठनात्मक पदों पर कार्य कर चुके हैं।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala