Publish Date: Tue, 13 Mar 2018 (14:20 IST)
Updated Date: Tue, 13 Mar 2018 (15:25 IST)
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सलवाद से प्रभावित सुकमा जिले में नक्सवादियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर एंटी लैंडमाइन व्हीकल को उड़ा दिया है। इस घटना में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 9 जवान शहीद हो गए हैं, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सीआरपीएफ के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र में नक्सवादियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर एंटी लैंडमाइन व्हीकल को उड़ा दिया है। इस घटना में सीआरपीएफ के 9 जवान शहीद हो गए हैं। कुछ अन्य जवानों के घायल होने की सूचना है।
अधिकारियों ने बताया कि सीआरपीएफ की 212वीं बटालियन के जवान एंटी लैंडमाइन व्हीकल में सवार होकर रवाना हुए थे। जब वह किस्टाराम थाना क्षेत्र में थे तब नक्सलियों ने एक शक्तिशाली विस्फोट से वाहन को उड़ा दिया। इस हमले के बाद दोनों ओर से गोलीबारी भी शुरू हो गई।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल को रवाना किया गया है। शवों और घायल जवानों को जंगल से बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि घटना जंगल के भीतर दुर्गम इलाके में हुई है। घटना के बारे में जानकारी ली जा रही है।
नक्सली हमले की कड़ी निंदा करते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सुकमा हमले में शहीद हुए जवानों के परिवारों के लिए मैं सहानुभूति व्यक्त करता हूं। मैं घायल जवानों के तेजी से ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।(एजेंसियां)
webdunia
Publish Date: Tue, 13 Mar 2018 (14:20 IST)
Updated Date: Tue, 13 Mar 2018 (15:25 IST)