दिल्ली में अब CM पर सस्पेंस, महिला, दलित या कोई और?
चुनाव परिणाम आने के 3 दिन बाद भी दिल्ली में मुख्यमंत्री पद के दावेदार को लेकर अब सस्पेंस बरकरार है
Suspense continues over Delhi CM: दिल्ली विधानसभा चुनाव का परिणाम घोषित होने के 3 दिन बाद भी भाजपा मुख्यमंत्री पद के लिए किसी नाम की घोषणा नहीं कर पाई है। इस बीच, मुख्यमंत्री पद को लेकर कई नामों को लेकर चर्चा चल रही है। इस बीच, यह भी अटकलें हैं पार्टी किसी महिला विधायक को भी मुख्यमंत्री पद की कुर्सी से नवाज सकती है। चूंकि भाजपा की लोगों को चौंकाने की पुरानी आदत है, ऐसे में पार्टी कोई भी नाम सामने रख सकती है। ऐसा भी कहा जा रहा है कि पार्टी किसी दलित चेहरे को भी मुख्यमंत्री पद कुर्सी दे सकती है।
चुनाव परिणाम के बाद पूर्व मुख्यमंत्री साहब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश वर्मा (Parvesh Verma) का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए तेजी से सामने आया था, लेकिन अब उनका भी धीरे-धीरे नैपथ्य में चला गया है। पार्टी सूत्रों की मानें तो भाजपा किसी महिला को मुख्यमंत्री बना सकती है। इसकी संभावना इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में महिला मुख्यमंत्री नहीं है। ऐसे में पार्टी किसी को महिला को मुख्यमंत्री बनाकर लोगों को यह संदेश देने का प्रयास करती है कि वह महिलाओं का ध्यान रखती है।
चार महिलाएं जीती हैं विधानसभा चुनाव : दिल्ली विधानसभा चुनाव में चार महिलाएं चुनाव जीतकर आई हैं। इनमें ग्रेटर कैलाश से चुनाव जीतने वाली शिखा राय हैं, जिन्होंने आप सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज को 6 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है। दूसरा नाम रेखा गुप्ता का है, जिन्होंने शालीमार बाग सीट से आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी बंदना कुमारी को 29 हजार से ज्यादा वोटों से हराया। महिला होने के नाते नजफगढ़ सीट से निर्वाचित हुईं नीलम पहलवान का नाम भी सीएम पद की दौड़ में है। उन्होंने अपनी करीब 29 हजार के अंतर से जीती है। वजीरपुर से चुनाव जीतने वालीं पूनम शर्मा का नाम भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं। क्योंकि 48 में 4 महिला उम्मीदवार ही भाजपा की ओर से विधायक बनी हैं।
वर्मा अब भी दौड़ में शामिल : माना जा रहा है कि भाजपा मुख्यमंत्री पद के लिए किसी दलित चेहरे को दांव पर लगा सकती है। हालांकि भाजपा के प्रमुख दलित चेहरे दुष्यंत गौतम चुनाव नहीं जीत पाए। ऐसे में भाजपा किसी अन्य चेहरे को मुख्यमंत्री पद की कुर्सी दे सकती है। बताया जा रहा है कि प्रवेश वर्मा का नाम थोड़ा पीछे जरूर हुआ है, लेकिन वे मुख्यमंत्री पद की दौड़ में अभी भी बने हुए हैं। चूंकि उन्होंने नई दिल्ली सीट पर आम आदमी पार्टी के प्रमुख नेता अरविन्द केजरीवाल को हराया है, इसलिए उनका भी दावा मजबूत माना जा रहा है।
विजेन्द्र गुप्ता भी तगड़े दावेदार : इनके अलावा विजेन्द्र गुप्ता भी सीएम पद की दौड़ में शामिल हैं। वे पार्टी में सीनियर नेता भी हैं। साथ उन्होंने रोहिणी सीट 37 हजार वोटों से जीती है। भाजपा की ओर यह सबसे बड़ी जीत है। यह भी कहा जा रहा है कि पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी मनजिंदर सिंह सिरसा पर भी दांव लगा सकती है। बताया जा रहा है प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अमेरिकी दौरे से लौटने के बाद ही दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala