Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, जॉर्ज फर्नांडीज मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित, पर्रिकर को मिला पद्मभूषण

हमें फॉलो करें अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, जॉर्ज फर्नांडीज मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित, पर्रिकर को मिला पद्मभूषण
, रविवार, 26 जनवरी 2020 (00:21 IST)
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्रियों अरुण जेटली, सुषमा स्वराज एवं जॉर्ज फर्नांडीस, मुक्केबाज मैरी कॉम और मॉरीशस के पूर्व प्रधानमंत्री अनिरुद्ध जगन्नाथ समेत 7 हस्तियों को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को पद्म विभूषण से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई।

गृह मंत्रालय ने घोषणा की कि वाराणसी के प्रसिद्ध शास्त्रीय भजन गायक छन्नूलाल मिश्र और विश्वेशतीर्थ स्वामीजी श्री पेजावर अधोखजा मठ उडुपी (मरणोपरांत) को सर्वोच्च पद्म पुरस्कार-पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।

गृह मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि पूर्व रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर, उद्योगपति आनंद महिंद्रा और वेणु श्रीनिवासन, ओलंपिक बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू, नगालैंड के पूर्व मुख्यमंत्री एससी जमीर और जम्मू-कश्मीर के नेता मुजफ्फर हुसैन बेग को पद्म भूषण से नवाजा गया है।

पुरस्कारों की घोषणा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की गई। जेटली, स्वराज, फर्नांडीस, पर्रिकर और विश्वेश तीर्थ स्वामी को मरणोपरांत पुरस्कार दिया गया है। बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति ने इस साल 141 पद्म पुरस्कार प्रदान किए जाने को मंजूरी दी है जिनमें चार मामलों में दो-दो लोगों को संयुक्त पुरस्कार दिया जाएगा।

इसमें कहा गया है कि पुरस्कार विजेताओं में 34 महिलाएं है। इनमें विदेशी/एनआरआई/पीओआई/ओसीआई श्रेणी से 18 लोग हैं और 12 लोगों को मरणोपरांत सम्मानित किया गया है। सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में शामिल पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री में दिए जाते हैं।

इस साल सात हस्तियों को पद्म विभूषण के लिए चुना गया है जबकि पद्मभूषण के लिए 16 और पद्मश्री के लिए 118 लोग चुने गए हैं। पद्म भूषण असाधारण एवं विशिष्ट सेवा, पद्म भूषण उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा और पद्म श्री विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है।

प्रधानमंत्री ने दी बधाई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पद्म पुरस्कार से सम्मानित व्यक्तियों को बधाई दी और कहा कि इनमें असाधारण लोग शामिल हैं। उन्होंने ट्वीट किया- पद्म पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी लोगों को बधाई। उन्होंने कहा कि पुरस्कृत लोगों में समाज राष्ट्र और मानवता के प्रति असाधारण योगदान देने वाले व्यक्ति शामिल हैं।

बॉलीवुह में इन्हें मिला पुरस्कार बॉलीवुड से फिल्म निर्माताओं करण जौहर एवं एकता कपूर और अभिनेत्री कंगना रनौत को पद्मश्री पुरस्कार के लिए चुना गया है। गायकों सुरेश वाडकर और अदनान सामी के साथ ही टीवी अभिनेत्री सरिता जोशी को भी देश के चौथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान के लिए चुना गया है।

खेल के क्षेत्र में इन्हें मिला पुरस्कार : खेलों में पद्म पुरस्कारों के लिए कुल 8 खिलाड़ियों को चुना गया है जिसमें पद्मश्री के लिए 6 नामों की घोषणा की गई है। पद्मश्री पुरस्कार के लिए जिन 6 खिलाड़ियों के नाम की घोषणा की गई है, उनमें क्रिकेटर जहीर खान, भारतीय महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल, पूर्व हाकी खिलाड़ी एमपी गणेश, निशानेबाज जीतू राय, भारतीय महिला फुटबॉल टीम की पूर्व कप्तान ओनाम बेमबेम देवी और तीरंदाज तरुणदीप राय शामिल हैं।

देश की प्रमुख रोजगार वेबसाइट नौकरी डॉट कॉम के संस्थापक संजीव बिखचंदानी, उद्योगपति भरत गोयनका, टेक्नोक्रैट नेमनाथ जैन को पद्मश्री से नवाजा गया है। लखनऊ के इतिहासकार एवं पत्रकार योगेश प्रवीण और असम के इतिहासकार जोगेंद्र नाथ फूकन को भी पद्म श्री से सम्मानित किया गया है।

चंडीगढ़ स्थित पीजीआई अस्पताल के बाहर मरीजों एवं उनके साथ आए लोगों को नि:शुल्क भोजन कराने वाले जगदीश लाल आहूजा, 25,000 से अधिक लावारिस शवों का अंतिम संस्कार करने वाले फैजावाद के मोहम्मद शरीफ, मुस्लिम भजन गायक मुन्ना मास्टर और असम में हाथियों के चिकित्सक कुशल कंवर सरमा उन 21 गुमनाम नायकों में शामिल हैं जिन्हें इस साल पद्म श्री से सम्मानित किया गया है।

बयान में बताया गया है कि जम्मू-कश्मीर के दिव्यांग सामाजिक कार्यकर्ता जावेद अहमद टक भी शामिल हैं जो दो दशक से दिव्यांग बच्चों के लिए काम कर रहे हैं, अनंतनाग एवं पुलवामा के 40 गांवों में 100 से अधिक बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा एवं अन्य सहायता मुहैया करा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि औपचारिक शिक्षा नहीं लेने के बावजूद पौधों की विविध किस्मों के विशाल ज्ञान के कारण ‘वन की विश्वकोष’ उपाधि से जानी जाने वाली कर्नाटक की 72 वर्षीय तुलसी गौडा को भी इस पुरस्कार से नवाजा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि पिछले चार दशकों से पूर्वोत्तर राज्यों के दूरदराज के इलाकों में शिक्षा एवं पाठन संस्कृति को प्रोत्साहित कर रहे और ‘अंकल मूसा’ के नाम से विख्यात अरुणाचल प्रदेश के सत्यनारायण मुंदायूर, 1984 भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों की खातिर लड़ाई लड़ने वाले अब्दुल जब्बार उर्फ ‘भोपाल की आवाज’ (मरणोपरांत) और राजस्थान में स्वच्छता के क्षेत्र में काम करने वाली दलित सामाजिक कार्यकर्ता ऊषा चौमार को पद्म श्री से सम्मानित किया गया है।

इसमें कहा गया है कि सूखाग्रस्त हिवरे बाजार में भूजल में सुधार करने के लिए अहमदनगर (महाराष्ट्र) के प्रख्यात पोपटराव पवार, गरीबों को किफायती शिक्षा देने में मदद करने वाले कर्नाटक के 64 वर्षीय सामाजिक कार्यकर्ता हारेकला हाजब्बा, दूरस्थ सुंदरबन में मरीजों का उपचार करने वाले पश्चिम बंगाल के चिकित्सक अरुणोदय मंडल, केवल जैविक तकनीक के प्रयोग से ओडिशा में बंजर भूमि को वन क्षेत्र में तब्दील करने वाले गांधीवादी राधा मोहन एवं उनकी पुत्री साबरमती को भी पद्म श्री से नवाजा गया।

हल्दी की खेती संबंधी मुहिम चलाने वाले मेघालय के आदिवासी किसान त्रिनिती साइऊ, असम की बराक घाटी में कैंसर मरीजों का उपचार करने वाले चेन्नई के चिकित्सक रवि कन्नन, तमिलनाडु में चार दशक से अधिक समय से 14,000 से अधिक दिव्यांग लोगों के पुनर्वास में मदद करने वाले दिव्यांग सामाजिक कार्यकर्ता एस रामाकृष्णन को भी यह पुरस्कार दिया गया।

इसके अलावा सरकार ने राजस्थान में 50,000 पौधे लगाने वाले 68 वर्षीय पर्यावरणविद् सुंदरम वर्मा, राज्य के मुस्लिम भजन गायक मुन्ना मास्टर, पिछले 35 साल से लोगों का नि:शुल्क उपचार कर रहे उत्तराखंड के 81 वर्षीय चिकित्सक योगी ऐरोन, कृषि-जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में योगदान के लिए विश्वविख्यात आदिवासी महिला राहीबाई सोमा पोपेरे को भी पद्मश्री से पुरस्कृत किया है। 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

स्टोक्स पर लगा मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना जानिए क्यों?