पहलगाम आतंकी हमले के बाद वायुसेना का 'आक्रमण', एक्शन में दिखी नौसेना
पाकिस्तान के साथ जारी तनाव के बीच भारतीय वायुसेना आक्रमण के नाम से बड़ा युद्धाभ्यास कर रही है। इस युद्धाभ्यास में राफेल, सुखोई SU 30 और मिराज 2000 युद्धक विमान शामिल है।
Publish Date: Fri, 25 Apr 2025 (10:28 IST)
Updated Date: Fri, 25 Apr 2025 (10:35 IST)
Pahalgam Terrorist Attack : पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के बीच भारतीय वायुसेना ने बड़ा युद्धाभ्यास शुरू कर दिया है। वायुसेना ने इस अभ्यास का नाम 'आक्रमण' रखा गया है। इस युद्धाभ्यास में राफेल, सुखोई एसयू-30, मिराज-2000 समेत कई लड़ाकू विमान दम दिखा रहे हैं। नौसेना ने भी अरब सागर में मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल दागी।
ALSO READ: पानी रोका तो बर्बाद हो जाएगा पाकिस्तान, 5 बिन्दुओं से समझें सिंधु जल संधि की कहानी
बताया जा रहा है कि इस युद्धाभ्यास में पायलट पहाड़ी और जमीनी दोनों ही लक्ष्यों पर हमला करने के मिशन को अंजाम दे रहे हैं। युद्ध अभ्यास के लिए पूर्वी क्षेत्र से भी कई लड़ाकू और परिवहन विमान पहुंचाए गए। इस युद्धाभ्यास के तहत भारतीय वायुसेना के पायलट लंबी दूरी की उड़ानें भर रहे हैं। पायलटों को वास्तविक युद्ध जैसा अनुभव देने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए। इस अभ्यास की शीर्ष स्तर पर भी निगरानी के जा रही है। इस युद्धाभ्यास में वायुसेना के शीर्ष पायलट भाग ले रहे हैं, इन्हें अनुभवी प्रशिक्षकों की निगरानी में अभ्यास कराया जा रहा है।
इधर भारतीय नौसेना के आईएनएस सूरत ने अरब सागर में मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल दागी। इसने समुद्र की सतह के पास टारगेट को निशाना बनाया। भारतीय नौसेना ने एक्स पोस्ट में इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि ये हमारी रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने में एक और मील का पत्थर साबित हुआ। आत्मनिर्भर भारत के लिए गर्व का क्षण है।
आतंकवादियों ने मंगलवार 22 अप्रैल को पहलगाम के बैसरन मैदान में पर्यटकों पर हमला किया। इसमें 26 भारतीय और 2 विदेशी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
edited by : Nrapendra Gupta