Publish Date: Sat, 09 Mar 2019 (23:00 IST)
Updated Date: Sat, 09 Mar 2019 (23:02 IST)
जम्मू। पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के आस-पास संघर्षविराम का शनिवार को उल्लंघन किया। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि शाम करीब 6 बजे पाकिस्तानी सेना ने सुंदरबनी सेक्टर में मोर्टार से गोले दागकर एवं गोलीबारी कर बिना उकसावे के संघर्षविराम का उल्लंघन किया।
प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय सेना मजबूती एवं प्रभावी ढंग से जवाब दे रही है तथा यहां किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है।
बालाकोट में 26 फरवरी को जैश-ए-मोहम्मद के प्रशिक्षण शिविर पर किए गए हमले के बाद से पाकिस्तान की ओर से संघर्षविराम उल्लंघन के मामले बढ़ गए हैं। सीमा के उस तरफ से नियंत्रण रेखा के आस-पास की जा रही गोलाबारी बुधवार को थम गई थी लेकिन शुक्रवार शाम से यह फिर से शुरू हो गई। (भाषा)