अहमदाबाद विमान हादसे के बाद 1000 लोगों का डीएनए टेस्ट होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि शवों की पहचान के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। हालांकि लोग पूरी तरह से जलकर खाक हो गए हैं। ऐसे में अब DNA जांच से पहचान हो सकेगी।
गुजरात के अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन जा रही थी। टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस प्लेन में 242 लोग सवार थे, जिसमें 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर्स शामिल थे। इस हादसे में 241 लोगों की मौत हो गई। सिर्फ एक शख्स की जान बची। प्लेन दुर्घटना बाद बीजे मेडिकल कॉलेज की हॉस्टल बिल्डिंग से टकरा गया।
इस भयावह हादसे का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई शवों की पहचान करना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की है कि मृतकों की पहचान के लिए 1000 लोगों का डीएनए टेस्ट किया जाएगा। यह टेस्ट गुजरात की फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी और नेशनल फोरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी में होगा।
क्या होता है डीएनए : डीएनए (Deoxyribonucleic Acid) एक जैविक अणु (Organic molecule) है, जो हर जीवित प्राणी की कोशिकाओं में पाया जाता है। यह एक तरह का जेनेटिक कोड है। जो हमारे शरीर की हर विशेषता को निर्धारित करता है। जैसे हमारी आंखों का रंग, बालों की बनावट, लंबाई, और यहां तक कि कुछ बीमारियों के प्रति हमारी संवेदनशीलता कैसी होगी। यह भी डीएनए तय करता है। डीएनए को हम अपने माता-पिता से विरासत में पाते हैं और यह हमारी पहचान का आधार होता है।
Edited By: Navin Rangiyal