Publish Date: Thu, 11 Jun 2020 (11:06 IST)
Updated Date: Thu, 11 Jun 2020 (13:46 IST)
नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल के दामों में गुरुवार को लगातार पांचवें दिन तेजी देखी गई। इनके दाम 60 पैसे प्रति लीटर बढ़ गए। सरकारी कंपनियों ने रविवार से ईंधन के दामों में रोजाना बदलाव की प्रक्रिया को दोबारा शुरू किया था। इससे पहले कोरोनावायरस (Coronavirus) कोविड-19 और लॉकडाउन के चलते देश में ईंधन के दाम लगातार 82 दिन तक स्थिर बने रहे थे।
सार्वजनिक क्षेत्र की ईंधन विपणन कंपनियों की अधिसूचना के मुताबिक नई बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 73.40 रुपए प्रति लीटर से बढ़कर 74 रुपए प्रति लीटर और डीजल का दाम 71.62 रुपए से बढ़कर 72.22 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है।
पिछले पांच दिन में पेट्रोल के दाम में कुल 2.74 रुपए और डीजल में 2.83 रुपए प्रति लीटर का इजाफा हुआ है।
ईंधन के दामों में बढ़ोतरी पूरे देश में हुई है। यह राज्यों और संघ शासित प्रदेशों के स्थानीय करों के चलते अलग-अलग हो सकती है।(भाषा)