Publish Date: Thu, 31 May 2018 (23:32 IST)
Updated Date: Thu, 31 May 2018 (23:36 IST)
इंदौर। रेल, कोयला, वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री पीयूष गोयल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस के जमाने में 1 रुपए में से मात्र 15 पैसे जनता को मिलते थे, जबकि हमारे कार्यकाल में पूरे 1 रुपए सीधे जनता के बैंक खातों में पहुंचते हैं।
गोयल गुरुवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की केंद्र सरकार की बीते 4 वर्ष के शासन की उपलब्धियां बताने पहुंचे थे। उन्होंने पत्रकार वार्ता में कहा कि देशभर में 31 करोड़ से अधिक जनधन खातों को खोला जा चुका है। उन्होंने दावा किया जनधन खातों की इतनी विशाल संख्या विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार दुनियाभर में खोले गए बैंक खातों की संख्या में कुल 55 प्रतिशत है।
गोयल ने कहा कृषि के क्षेत्र में रिकॉर्ड उत्पादन के लिए सरकार ने रिकॉर्ड बजट का आवंटन किया, साथ ही न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि और रिकॉर्ड खरीदारी से किसानों को अभूतपूर्व मदद मिली है। दालों का बफर स्टॉक़ 1.5 लाख टन से बढ़ाकर 20 लाख टन किया जा रहा है। किसानों को उत्पादन का बेहतर मूल्य देने के लिए इलेक्ट्रॉनिक नेशनल एग्रीकल्चर मार्केट बनाए गए हैं जिसमें 87 लाख से अधिक किसानों को पंजीकृत किया गया है।
गोयल ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तारीफ करते हुए कहा कि प्रदेश ने कृषि के क्षेत्र में बहुत अच्छा काम किया है। सरकार ने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए अनेक कल्याणकारी कदम उठाए हैं।
विश्व में भारत की बढ़ती हुई साख का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले 4 वर्षों में अन्य देशों के साथ भारत के संबंधों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वर्ष 2017 में एमटीआर में शामिल होने के बाद भारत 2018 में वासेनर एग्रीमेंट एंड ऑस्ट्रेलिया ग्रुप की सदस्यता प्राप्त करने में सफल रहा है। इंदौर के नागरिकों की प्रशंसा करते हुए गोयल ने कहा कि स्वच्छता की दिशा में लगातार दो बार नंबर 1 का स्थान पाकर इंदौरवासियों ने एक नया उदाहरण पेश किया है। (वार्ता)