Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

श्रीनगर में पीएम मोदी ने महसूस की योग की शक्ति, कश्मीर को बताया योग और साधना की भूमि

हमें फॉलो करें modi on yoga day

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, शुक्रवार, 21 जून 2024 (09:00 IST)
PM Modi message on yoga day : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में योग करने वालों की संख्या निरंतर बढ़ रही है और योग के प्रति लोगों का आकर्षण भी लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने श्रीनगर में योग की शक्ति को भी महसूस किया। ALSO READ: बारिश के कारण डल झील पर योग नहीं कर सके पीएम मोदी, SKICC में हुआ कार्यक्रम
 
प्रधानमंत्री ने शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर (SKICC) में 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित मुख्य समारोह का नेतृत्व किया।
 
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मुझे योग और साधना की भूमि कश्मीर में आने का सौभाग्य मिला है। योग से हमें जो शक्ति मिलती है श्रीनगर में हम उसे महसूस कर रहे हैं। मैं देश के सभी लोगों को और दुनिया के कोने-कोने में योग कर रहे लोगों को कश्मीर की धरती से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देता हूं।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि साल 2014 में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव रखा था और भारत के इस प्रस्ताव का 177 देशों ने समर्थन किया था जो कि अपने आप में एक रिकॉर्ड था। तब से योग दिवस लगातार नए रिकॉर्ड बनाता जा रहा है।
 
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 10 वर्ष की ऐतिहासिक यात्रा पूरी कर चुका है। आज पूरी दुनिया में योग करने वालों की संख्या निरंतर बढ़ रही है और योग के प्रति लोगों का आकर्षण भी लगातार बढ़ रहा है। आज पूरी दुनिया योग को सबकी भलाई की शक्ति के रूप में देख रही है।
 
उन्होंने कहा कि दुनिया योग को वैश्विक भलाई के एक शक्तिशाली माध्यम के रूप में देख रही है। योग हमें अतीत के बोझ के बिना वर्तमान क्षण में जीने में मदद करता है। जब हमारा चित्त शांत रहता है तब हम दुनिया पर सकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं। योग समाज में सकारात्मक बदलाव के नए तरीके बना रहा है।

मोदी ने कहा कि पूरे जम्मू-कश्मीर में योग के प्रति जो आकर्षण बना है, जिस उमंग और उत्साह के साथ लोग योग के साथ जुड़ने के लिए आतुर हैं, वह जम्मू कश्मीर के पर्यटन को भी एक नई ताकत देने का अवसर बन गया है। अपने संबोधन के बाद प्रधानमंत्री ने सामूहिक योगाभ्यास में हिस्सा भी लिया।
 
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तौर पर मनाए जाने की घोषणा दिसंबर 2014 में की थी। दिसंबर 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग दिवस का प्रस्ताव प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर आया था और इसे सर्वसम्मति से पारित किया गया था।
 
प्रधानमंत्री साल 2015 से हर साल योग दिवस पर आयोजित समारोहों का नेतृत्व करते रहे हैं। उन्होंने दिल्ली, चंडीगढ़, देहरादून, रांची, लखनऊ, मैसूर और यहां तक कि न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय सहित विभिन्न प्रतिष्ठित स्थानों पर योग दिवस समारोहों का नेतृत्व किया है।
 
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य विषय ‘स्वयं और समाज के लिए योग’ है। भारत सहित दुनिया भर में 21 जून को योग दिवस मनाया जाता है और लोग इसमें बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हैं।
Edited by : Nrapendra Gupta 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

दिल्ली से कश्मीर तक बारिश का योग, जानिए कहां कैसा है मौसम?