PM Modi on Operation Sindoor in sikkim : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिक्किम की स्थापना के 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह को डिजिटल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत में आतंक फैलाने वालों को करारा जवाब है और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पूरा देश एकजुट है।
ALSO READ: राजनाथ का बड़ा बयान, PoK खुद लौटकर आएगा, कहेगा मैं भारत ही हूं
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले महीने पहलगाम हमले के मद्देनजर आतंकवादियों के खिलाफ चलाया गया ऑपरेशन सिंदूर भारत में आतंक फैलाने वालों को करारा जवाब था। पहलगाम में आतंकवादियों ने जो किया वह मानवता पर हमला था और अब हम आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट हैं।
सिक्किम के स्थापना दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेने के लिए मोदी की गंगटोक की प्रस्तावित यात्रा खराब मौसम के कारण रद्द कर दी गई। उन्होंने पश्चिम बंगाल के बागडोगरा से डिजिटल माध्यम से गंगटोक के पलजोर स्टेडियम में कार्यक्रम को संबोधित किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजग के नेतृत्व वाली सरकार भारत को खेल महाशक्ति बनाने के लिए समर्पित है। हम चाहते हैं कि सिक्किम सहित पूर्वोत्तर इस दिशा में आगे बढ़े। सिक्किम में साहसिक खेलों का केंद्र बनने की क्षमता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सिक्किम जैविक उत्पाद के निर्यात के क्षेत्र में प्रगति कर रहा है, जो राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। केंद्र सरकार का मुख्य फोकस कनेक्टिविटी पर है और सेवोके-रंगपो परियोजना राज्य को देश के रेल नेटवर्क से जोड़ेगी। उन्होंने कहा कि सिक्किम जैव विविधता में समृद्ध है और इसने प्रकृति संरक्षण में मिसाल कायम की है।
edited by : Nrapendra Gupta