Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

भाजपा की नीति और नीयत पर जनता की मुहर : मोदी

हमें फॉलो करें भाजपा की नीति और नीयत पर जनता की मुहर : मोदी
, गुरुवार, 10 मार्च 2022 (20:20 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश सहित 4 राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर बृहस्पतिवार को कहा कि यह नतीजे पार्टी के गरीब हितैषी और अति सक्रिय शासन पर जनता की बड़ी मजबूत मुहर है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भाजपा की जीत के यह मायने भी हैं कि देश के हर छोर की जनता ने भाजपा, उसकी नीति, नीयत और निर्णयों पर विश्वास को एक सूत्र में बांधने का काम किया है।चारों राज्यों में भाजपा की जीत सुनिश्चित होने के बाद भाजपा मुख्यालय पहुंचे प्रधानमंत्री पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। पार्टी मुख्यालय में बड़ी संख्या में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस दौरान जय श्री राम, मोदी-मोदी और नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे भी लगाए। मोदी ने कहा, आज का दिन उत्साह व उत्सव का दिन है। यह उत्सव भारत के लोकतंत्र के लिए हैं।

उन्होंने चुनावों में हिस्सा लेने वाले सभी मतदाताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा, उनके निर्णय के लिए मतदाताओं का आभार। विशेष रूप से माताओं, बहनों और युवाओं ने जिस प्रकार भाजपा को भरपूर समर्थन दिया है, वह अपने आप में बहुत बड़ा संदेश है।

उन्होंने कहा कि पहली बार के मतदाताओं ने बढ़चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया और भाजपा की जीत सुनिश्चित की। उत्तर प्रदेश में भाजपा की जीत का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को अनेक प्रधानमंत्री दिए हैं लेकिन पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले किसी मुख्यमंत्री के दोबारा चुने जाने का यह पहला उदाहरण है।

उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश में 37 साल बाद कोई सरकार लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है। उत्तर प्रदेश, गोवा और मणिपुर में सरकार में होने के बावजूद भाजपा के वोट प्रतिशत में वृद्धि हुई है। गोवा में सारे एक्जिट पोल गलत निकले और वहां की जनता ने तीसरी बार सेवा करने का मौका दिया। 10 साल तक सत्ता में रहने के बावजूद भी भाजपा की सीटों की संख्या बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी भाजपा ने नया इतिहास रचा है और पहली बार कोई दल वहां लगातार दूसरी बार सत्ता में आया है। उन्होंने कहा, सीमा से सटा एक पहाड़ी राज्य, एक समुद्र तटीय राज्य, मां गंगा के विशेष आशीर्वाद वाले उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर के राज्य मणिपुर में यानी चारों दिशाओं में भाजपा को जनता का आशीर्वाद मिला है।

इन राज्यों की चुनौतियां भिन्न हैं और इनके विकास की राह भी अलग-अलग हैं। भाजपा पर विश्वास, भाजपा की नीति, नीयत और निर्णयों पर जनता का अपार विश्वास सभी को एक सूत्र में बांधते हैं। उन्होंने कहा, ये नतीजे प्रो पूअर, प्रो एक्टिव शासन पर बड़ी मजबूत मुहर लगाते हैं।(भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव आखिर अखिलेश यादव क्यों हार गए?