Publish Date: Mon, 30 Sep 2019 (18:39 IST)
Updated Date: Mon, 30 Sep 2019 (18:58 IST)
रांची। झारखंड की कई हस्तियों के योगदन को याद करते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सोमवार को कहा कि क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ने रांची को क्रिकेट की दुनिया में प्रसिद्ध किया है। कोविंद रांची विश्वविद्यालय के 33वें दीक्षांत समारोह को यहां संबोधित कर रहे थे।
राष्ट्रपति ने इस मौके पर तीरंदाज दीपिका कुमारी और 1928 के ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के कप्तान जयपाल सिंह मुंडा की उपलब्धियों की सराहना की। इन दोनों का संबंध झारखंड से है। राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि अल्बर्ट एक्का जैसे लोगों का झारखंड से नाता रहा है जिन्हें 1971 युद्ध के दौरान उनकी वीरता के लिए मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रघुबर दास और उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश, न्यायमूर्ति एमवाई इकबाल रांची विश्वविद्यालय के विशिष्ट पूर्व छात्रों में से हैं। इस मौके पर राष्ट्रपति के साथ प्रथम महिला सविता कोविंद के अलावा राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री रघुबर दास, शिक्षामंत्री नीरा यादव, रांची विश्वविद्यालय के कुलपति आरके पांडे और प्रो. वाइस चांसलर कामिनी कुमार ने मंच साझा किया।