Publish Date: Wed, 23 Jan 2019 (16:28 IST)
Updated Date: Wed, 23 Jan 2019 (16:30 IST)
कांग्रेस की महासचिव बनते ही प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम हरेक जुबान पर आ गया है। अभी तक प्रियंका केवल सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली और भाई राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में ही सक्रिय रही हैं लेकिन अब वे अपना दायरा बड़ा करते हुए कांग्रेस को पूर्वी उत्तरप्रदेश में मजबूत करने के लिए आधिकारिक तौर पर सक्रिय होंगी।
माना जा रहा है प्रियंका गांधी का राजनीति में आना एकाएक नहीं हुआ है। कांग्रेस की खस्ताहाल हालत को सुधारने के लिए कांग्रेसी हमेशा से ही प्रियंका जैसे करिश्माई चेहरे को लाने की मांग करते रहे हैं। अपनी दादी से मिलती-जुलती प्रियंका को सक्रिय राजनीति में लाने की मांग कांग्रेस के लगभग हर नेता-कार्यकर्ता की रही है लेकिन पूर्वी यूपी की कमान मिलने के बाद एक बार फिर चर्चा गर्म है कि वे रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं।
इसका सबसे बड़ा कारण है सोनिया गांधी की तबीयत खराब होने की वजह से उनके चुनाव लड़ने पर संशय है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेसी नेता लगातार कह रहे हैं कि अगर सोनिया चुनाव नहीं लड़ती हैं, तो गांधी परिवार का ही कोई सदस्य यहां से चुनाव लड़ेगा।
उनके करिश्मे पर कांग्रेस अध्यक्ष और उनके भाई राहुल को भी पूरा विश्वास है। देखना अब यह है कि परदे के पीछे से राजनीति में दखल रखने वाली प्रियंका गांधी राजनीति के पर्दे पर कितनी सफल हो पाती हैं।