Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

जबलपुर में प्रियंका गांधी को खतरा, 200 जवान होंगे तैनात, विशेष उपकरण रखेंगे नजर

हमें फॉलो करें जबलपुर में प्रियंका गांधी को खतरा, 200 जवान होंगे तैनात, विशेष उपकरण रखेंगे नजर
, सोमवार, 12 जून 2023 (09:35 IST)
जबलपुर। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर सभाओं और रेलियों का दौर शुरू हो गया है। इस सिलसिले में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी आज 12 जून को मध्यप्रदेश के जबलपुर पहुंच रही हैं। प्रियंका जबलपुर से विधानसभा चुनाव के प्रचार की शुरुआत करेगी।

जानकारी के मुताबिक जबलपुर में प्रियंका गांधी की सुरक्षा को लेकर शंका जाहिर की गई। जिसके मद्देनजर पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। जानकारी के मुताबिक पुलिस को खुफिया सूत्रों से जानकारी लगी है कि जबलपुर में प्रियंका गांधी को खतरा हो सकता है। इस खतरे को देखते हुए पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस के करीब 200 अफसर और जवान प्रियंका गांधी की सुरक्षा में तैनात किए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, प्रियंका गांधी का दौरा करीब चार घंटे का है। इस दौरान वे कई कार्यक्रमों में भाग लेंगी। उनकी सुरक्षा को लेकर कुछ जानकारी मिली है। इस वजह से पुलिस अलर्ट है। प्रियंका गांधी को जेड प्लस सुरक्षा है ही। उसके साथ-साथ जबलपुर पुलिस की भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। पुलिस ने विशेष रूप से डुमना एयरपोर्ट, गौरीघाट, भंवरताल पार्क और सभा स्थल गोल बाजार में जवानों को हर चीज पर नजर रखने को कहा है।

ऐसी होगी प्रियंका की सुरक्षा : प्रियंका गांधी पर विशेष उपकरणों से नजर रखी जाएगी। उनके आने से लेकर जाने तक पल-पल की रिकॉर्डिंग होगी। इतना ही नहीं, उनके पास केवल खास लोगों को ही जाने की अनुमति होगी। उनकी सुरक्षा में 4 डीएसपी, 8 टीआई और 200 जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी हर तरह के इनपुट पर नजर रखेंगे. दूसरी ओर, प्रियंका की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस भी अलर्ट हो गई है। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि पुलिस के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी भी प्रियंका की सुरक्षा करेगी।

प्रियंका गांधी का कार्यक्रम : बता दें, प्रियंका गांधी 12 जून को सुबह 10 बजे विशेष विमान से डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां से वे ग्वारीघाट जाएंगी। यहां वे मां नर्मदा की पूजा और महाआरती करेंगी। पूजा के बाद वे विधानसभा चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगी। उनकी सभा गोलबाजार शहीद स्मारक में होगी। इसी सभा में वे संकल्प अभियान की शुरुआत करेंगी। बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी 2018 में राहुल गांधी के किए गए ऐलान को आगे बढ़ाएंगीं। इसके अलावा प्रियंका गांधी जबलपुर की सभा में महिलाओं को पंद्रह सौ रुपए हर महीने देने के लिए नारी सम्मान योजना, 500 रुपए में गैस सिलेंडर, पुरानी पेंशन लागू करने का ऐलान करेंगी। पिछले चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी के नाम और चेहरे के सहारे बड़ी घोषणा के साथ चुनाव की शुरुआत की थी।
Edited by navin rangiyal


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

मध्यप्रदेश में हिंदुत्व और हनुमान भरोसे आज प्रियंका गांधी करेगी कांग्रेस के चुनाव प्रचार का शंखनाद