Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
Monday, 7 April 2025
webdunia

राहुल गांधी के बयान से आया सियासी भूचाल, BJP नेताओं का पलटवार

Advertiesment
हमें फॉलो करें Rahul Gandhi
, बुधवार, 2 फ़रवरी 2022 (21:35 IST)
नई दिल्ली। संसद में बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दिए गए बयानों के बाद राजनीति में उबाल आ गया है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर पलटवार किया। किरेन रिजिजू ने कहा कि मैं न्यायपालिका और चुनाव आयोग को लेकर दिए राहुल के बयानों की निंदा करता हूं। प्रह्लाद जोशी ने राहुल को अहंकारी व्यक्ति बताया है।

कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि सिर्फ भारत का कानून मंत्री होने के नाते ही नहीं बल्कि एक आम नागरिक के तौर पर भी मैं राहुल गांधी ने न्यायपालिका और चुनाव आयोग को लेकर जो कहा उसकी निंदा करता हूं। ये हमारे लोकतंत्र की महत्वपूर्ण संस्थाएं हैं।

राहुल गांधी को तुरंत चुनाव आयोग, न्यायपालिका और लोगों से माफी मांगनी चाहिए। राहुल गांधी के बयानों पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी पलटवार किया है। उन्होंने ट्वीट किया कि राहुल गांधी ने लोकसभा में आरोप लगाया कि यही वो सरकार है जिसने पाकिस्तान और चीन को साथ कर दिया है. संयोग से, इतिहास के कुछ सबक क्रम में हैं- 
 
- 1963 में पाकिस्तान ने गैरकानूनी तरीके से शक्सगाम वैली चीन को सौंप दी। 
- चीन ने 1970 के दशक में पीओके के जरिए काराकोरम हाईवे का निर्माण किया था।
 
-1970 के दशक से दोनों देशों के बीच करीबी परमाणु सहयोग भी है।
2013 में चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर की शुरुआत हुई तो खुद से पूछें कि क्या तब चीन और पाकिस्तान दूर थे?
 
दो हिन्दुस्तान बन गए : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार में दो हिंदुस्तान बन गए हैं जिनमें से एक अमीरों और दूसरा गरीबों के लिए है। संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर हो रही चर्चा में भाग लेते हुए राहुल गांधी ने यह दावा भी किया कि देश के सामने खड़ी प्रमुख चुनौतियों का अभिभाषण में उल्लेख नहीं किया गया है।
 
उन्होंने कहा कि अभिभाषण में कई रणनीतिक मुद्दों को नहीं छुआ गया है। कई प्रमुख चुनौतियों का उल्लेख नहीं हुआ। तीन बुनियादी विषयों पर इसमें बात नहीं हुई। सबसे महत्वपूर्ण है कि अब दो भारत हैं। एक अमीरों का हिंदुस्तान है, दूसरा हिंदुस्तान गरीबों के लिए है। इनमें खाई बढ़ती जा रही है।’’
 
राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री को सुझाव देता हूं कि दो हिन्दुस्तान को साथ लाने की दिशा में काम करें जिन्हें उनकी सरकार ने सृजित किया है। उन्होंने यह भी कहा कि अभिभाषण में बेरोजगारी के बारे में एक शब्द नहीं है। आज देश का युवा रोजगार ढूंढ़ रहा है। यह सरकार रोजगार नहीं दे पा रही है।’’
 
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पिछले साल तीन करोड़ युवाओं को रोजगार गंवाने पड़े। बीते 50 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी देश में आज है...इस सरकार ने असंगठित क्षेत्र और छोटे कारोबारों पर आक्रमण किया। नोटबंदी और गलत तरीके से जीएसटी लागू करके आक्रमण किया गया।
 
उन्होंने दावा किया कि असंगठित क्षेत्र में ‘मेक इन इंडिया’ लागू हो ही नहीं सकता है, इस क्षेत्र को बर्बाद कर दिया गया है।
 
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘संप्रग सरकार ने 10 साल में 27 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला था, लेकिन इस सरकार ने 23 करोड़ लोगों को गरीबी में पहुंचा दिया।’’
 
राहुल गांधी ने दो उद्योगपतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि कोरोना के समय कई वैरिएंट आते हैं, लेकिन ‘डबल ए’ वैरिएंट है जो देश की अर्थव्यवस्था में बढ़ रहा है।’’

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

कोविशील्ड टीके से बेटी की मौत का आरोप, पिता ने मांगा 1000 करोड़ का मुआवजा