Publish Date: Fri, 17 Mar 2023 (11:03 IST)
Updated Date: Fri, 17 Mar 2023 (11:05 IST)
नई दिल्ली। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की ब्रिटेन में की गई टिप्पणियों पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप की मांग करना देश की संप्रभुता पर हमला है। उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा बार-बार ठुकराए जाने के बाद राहुल गांधी भारत के खिलाफ काम करने वाले टूलकिट का स्थाई हिस्सा बन गए हैं।
नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी ने भारत, उसकी संसद, उसके लोगों का विदेशी धरती पर अपमान किया। यह देश के खिलाफ काम करने वालों को मजबूत करने जैसा है।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। आजादी के बाद से भारत के इतिहास में, यहां तक कि सबसे कठिन समय में भी, भारत के किसी भी नेता ने कभी भी विदेशी शक्तियों से भारत सरकार के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील नहीं की। स्वतंत्र भारत के इतिहास में यह एक बहुत ही गंभीर मामला है।
उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी बयान पर देशभर में बवाल मचा हुआ है। भाजपा राहुल गांधी से माफी की मांग कर रही है वहीं कांग्रेस का कहना है कि राहुल ने ऐसा कुछ नहीं किया कि उन्हें माफी मांगना पड़े।