Publish Date: Mon, 12 Jul 2021 (08:15 IST)
Updated Date: Mon, 12 Jul 2021 (08:19 IST)
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने रविवार को महत्वपूर्ण संगठनात्मक परिवर्तन करते हुए अपने संयुक्त महासचिव अरुण कुमार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समेत राजनीतिक मुद्दों के लिए संघ का समन्वयक बनाया।
उन्होंने एक अन्य संयुक्त महासचिव कृष्ण गोपाल का स्थान लिया है, जो 2015 से इस जिम्मेदारी को संभाल रहे थे। गोपाल ने सुरेश सोनी का स्थान लिया था जिन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के बाद करीब एक दशक तक समन्वय की जिम्मेदारी संभाली थी।
सोनी को प्रभावी समन्वयक के रूप में देखा जाता है। उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनावों के दौरान नरेंद्र मोदी को भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। मध्यप्रदेश के चित्रकूट में आरएसएस के पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की चल रही बैठक में अरुण कुमार को समन्वयक बनाने संबंधी संगठनात्मक बदलाव की घोषणा की गई।
संपर्क करने पर आरएसएस प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने इसकी पुष्टि की और कहा कि अरुण कुमार भाजपा सहित राजनीतिक मुद्दों के लिए संघ के समन्वयक होंगे। उन्होंने कहा कि यह एक नियमित प्रक्रिया है और संघ अपने कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी में बदलाव करता रहता है।
इस साल की शुरुआत में, आरएसएस ने दत्तात्रेय होसबोले को महासचिव और अरुण कुमार के साथ रामदत्त चक्रधर को संयुक्त महासचिव के रूप में पदोन्नत करके अपने संगठनात्मक ढांचे में बदलाव किया था।(भाषा)